फतेह फाल्कन्स ने भी बागोर रॉयल्स को 13 रन से हराया, मोहित सुहाल की नाबाद 87 रन की पारी बनी जीत का आधार
उदयपुर। उदयपुर प्रीमियर लीग (यूपीएल) सीजन-3 अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है। लीग के अंतिम मुकाबलों में खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन ने क्रिकेट प्रेमियों का रोमांच बढ़ा दिया है। पिछोला पैंथर्स ने राजेंद्र सिंह के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत हल्दीघाटी योद्धाज को 2 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं, दूसरे मुकाबले में फतेह फाल्कन्स ने बागोर रॉयल्स को 13 रन से शिकस्त देकर अपनी ताकत दिखाई।
पहले मुकाबले में हल्दीघाटी योद्धाज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 143 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पिछोला पैंथर्स की टीम ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में 8 विकेट खोकर 144 रन बनाते हुए 2 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की।
पिछोला पैंथर्स की जीत के सूत्रधार राजेंद्र सिंह रहे। उन्होंने गेंदबाजी में 4 ओवर में 31 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। इसके बाद बल्लेबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 34 गेंदों पर नाबाद 33 रन बनाए, जिसमें 2 चौके शामिल रहे। उनके इस बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में फतेह फाल्कन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 215 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बागोर रॉयल्स की टीम ने भी आक्रामक बल्लेबाजी की, लेकिन निर्धारित ओवरों में 6 विकेट पर 202 रन ही बना सकी। इस तरह फतेह फाल्कन्स ने 13 रन से मुकाबला अपने नाम किया।
फतेह फाल्कन्स की जीत में मोहित सुहाल की विस्फोटक बल्लेबाजी निर्णायक साबित हुई। उन्होंने 49 गेंदों पर नाबाद 87 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 8 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
आयोजन सचिव अनिरुद्ध सांखला ने बताया कि उदयपुर प्रीमियर लीग सीजन-3 अपने अंतिम चरण में है और मुकाबले लगातार रोमांचक होते जा रहे हैं। मैच के मुख्य अतिथि राजस्थान रोडवेज के सेवानिवृत्त चीफ मैनेजर अशोक कुमार सांखला ने विजेताओं को सम्मानित किया।
यूपीएल सीजन-3 में पिछोला पैंथर्स का धमाका, राजेंद्र सिंह के ऑलराउंड खेल ने दिलाई सेमीफाइनल में जगह
