सिरोही पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर घेरा टैंकर; 147 कट्टों में भरा था 4.42 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ
जयपुर 18 अक्टूबर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत सिरोही पुलिस ने ऑयल टैंकर में छिपाकर की जा रही डोडा पोस्त की बड़ी खेप पकड़ी है। टैंकर से 147 प्लास्टिक के कट्टों में भरा कुल 2947 किलो 100 ग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 4.42 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ अजेय सिंह राठौड के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई उन्होंने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार और वृत्ताधिकारी पिण्डवाड़ा राहुल कुमार के सुपरविजन में शनिवार को पिण्डवाड़ा थानाधिकारी चैल सिंह ने जाब्ते सहित नेशनल हाईवे 62 पर वीरवाड़ा कट पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान टैंकर आरजे-27-जीसी-7743 आया, जिसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने टैंकर रोकने के बजाय उसे और तेज गति से नया सानवाड़ा की ओर भगा दिया।
इस पर कांस्टेबल अभय सिंह और लोकेश कुमार ने टैंकर का पीछा किया। थानाधिकारी चैल सिंह भी जाब्ते सहित पीछे लगे और नया सानवाड़ा के पास हाईवे पर टैंकर को घेरकर रुकवा लिया। तलाशी में टैंकर के अंदर प्लास्टिक के 147 कट्टे भरे मिले। मौके पर वजन करने पर इनमें कुल 2947 किलो 100 ग्राम अवैध डोडा पोस्त निकला।
पुलिस ने टैंकर जप्त कर आरोपी शुभम चौहान पुत्र कैलाश चौहान (26) निवासी प्रतापनगर थाना प्रतापनगर सदर जिला जोधपुर को गिरफ्तार कर लिया। यह डोडा पोस्त मध्य प्रदेश के मंदसौर से भरकर जोधपुर की ओर ले जाया जा रहा था। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान जारी है।
