उदयपुर: विधिक माप विज्ञान विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2 प्रतिष्ठानों पर जुर्माना

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 14 अक्टूबर। विधिक माप विज्ञान विभाग की ओर से माननीय मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार उदयपुर जिले में पैक्ड वस्तुओं की पैकेजिंग से संबंधित तीन दिवसीय अभियान के अंतिम दिन बुधवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। 12 से 14 अक्टूबर तक चले इस अभियान के दौरान पैक्ड वस्तुओं की लेबलिंग, अनिवार्य घोषणाओं, पैकेजिंग डिक्लेरेशन और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।
विधिक माप विज्ञान अधिकारी राकेश माहेश्वरी ने बताया कि अभियान के अंतिम दिन पंकज उपभोक्ता भंडार, बाबू जी जोधपुर पैलेस, संगम नमकीन एवं मनोहर किराणा स्टोर का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान प्रतिष्ठानों पर पैक्ड वस्तुओं की पैकेजिंग से संबंधित अनिवार्य घोषणाओं और नियमों के पालन की स्थिति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान पैकेजिंग रजिस्ट्रेशन नहीं पाए जाने पर 5000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, सत्यापन प्रमाण पत्र प्रदर्शित नहीं पाए जाने पर 500 रुपये का जुर्माना किया गया। जांच में अन्य किसी प्रकार की अनियमितता नहीं मिली।
विधिक माप विज्ञान एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए पैक्ड वस्तुओं पर आवश्यक घोषणाओं और पैकेजिंग डिक्लेरेशन का नियमानुसार पालन सुनिश्चित करने के लिए आगे भी नियमित जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!