अभिजीत मुहूर्त में कालकामाता मंदिर में हुई घट स्थापना

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

दर्शन को उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
नौ दिनों तक भक्ति, आस्था और उल्लास से गूंजेगा मंदिर परिसर

उदयपुर, 11 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर गणेश नगर स्थित कालकामाता मंदिर में रविवार को अभिजीत मुहूर्त में विधि-विधान के साथ घट स्थापना की गई। घट स्थापना के साथ ही मंदिर परिसर माता रानी के जयकारों से गूंज उठा। माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए माता के दर्शन के लिए आतुर नजर आए।

मंदिर के पुजारी देवेन्द्र सिंह गोड़ ने बताया कि माता रानी का आकर्षक एवं भव्य श्रृंगार किया गया। स्थापना से पूर्व नौ कन्याओं का पूजन कर नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ हुआ। पीएन टेंट शंकर की ओर से तैयार किए गए भव्य पांडाल और आकर्षक रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा। महिला मंडल की टीम ने माता रानी के भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।

गोड़ ने बताया कि माता रानी के दरबार में सच्चे मन से आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। नवरात्र के नौ दिनों तक प्रतिदिन माता का अलग-अलग स्वरूपों में श्रृंगार किया जाएगा तथा चारों पहर आरती होगी। श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया।

मंदिर की समस्त व्यवस्थाएं कालकामाता मित्र मंडल के कार्यकर्ताओं ने संभालीं। आगामी नौ दिनों तक मंदिर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहेगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!