ऐश्वर्या ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता सत्र आयोजित

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। ऐश्वर्या ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, उदयपुर में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर हार्टफुलनेस के सहयोग से विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
सत्र के दौरान हार्टफुलनेस से जुड़े राकेश दशोरा एवं सुबोध शर्मा ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने शिक्षा, करियर की तैयारी, मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग और सोशल मीडिया से उत्पन्न मानसिक दबाव जैसे विषयों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि इन चुनौतियों के बीच मानसिक शांति, एकाग्रता और भावनात्मक संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।
विद्यार्थियों को तनाव से राहत और मन को शांत रखने के लिए योग, भ्रामरी प्राणायाम, विभिन्न मुद्राओं एवं ध्यान आधारित अभ्यास करवाए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से उन्हें एकाग्रता बढ़ाने, तनावपूर्ण परिस्थितियों का बेहतर सामना करने और दैनिक जीवन में सकारात्मक आदतें अपनाने के व्यावहारिक तरीके समझाए गए।
सत्र में डिजिटल माध्यमों के संतुलित उपयोग पर भी जोर दिया गया। विद्यार्थियों को अनावश्यक मानसिक दबाव से बचने, अपनी दिनचर्या में ध्यान और विश्राम के लिए समय निकालने तथा मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में ऐश्वर्या ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के विभिन्न संकायों के विद्यार्थी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन ॐ उच्चारण एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह सत्र विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें स्वस्थ दिनचर्या अपनाने और जीवन की चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास एवं संतुलन के साथ करने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!