उदयपुर, 10 अक्टूबर। नारायण सेवा संस्थान की ओर से 11 अक्टूबर से सेवातीर्थ स्थित नवनिर्मित वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी में श्रीमद् देवी भागवत कथा एवं ‘अपनों से अपनी बात’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कथा प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक होगी, जिसका प्रसारण आस्था चैनल पर किया जाएगा।
संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में वे अपने श्रीमुख से देवी महात्म्य, भक्ति, धर्म, संस्कार और जीवन मूल्यों से जुड़े प्रसंगों का वाचन करेंगे। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक विचारों एवं जीवनोपयोगी संदेशों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ‘अपनों से अपनी बात’ सत्र में विभिन्न राज्यों से आए दिव्यांगजन एवं उनके परिजन अपने जीवन के अनुभवों, संघर्षों और संस्थान से जुड़ने के बाद आए सकारात्मक बदलावों को साझा करेंगे। साथ ही, संस्थान के सहयोगी और सेवाभावी सेवा कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव भी रखेंगे।
इस दौरान दिव्यांगजनों के संघर्ष से आत्मनिर्भरता तक के सफर, उनके आत्मविश्वास और उपलब्धियों की प्रेरक कहानियों को भी सामने लाया जाएगा। धार्मिक, सामाजिक और सेवा गतिविधियों के समन्वय से आयोजित यह कार्यक्रम आध्यात्मिक चिंतन के साथ मानवीय संवेदनाओं और सेवा भाव को प्रोत्साहित करेगा।
