सुरों की मंडली संस्था ने संगीतमय अंदाज में महानायक अमिताभ बच्चन का जन्मदिन, सदाबहार नगमों पर झूमे संगीत प्रेमी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

‘सुंदर पल अमिताभ के संग’ कार्यक्रम में गीतों, संवादों और शानदार गेटअप ने बांधा समां, वरिष्ठ कलाकारों के सम्मान में नई प्रतियोगिता के पोस्टर का हुआ विमोचन

उदयपुर। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के जन्मदिन के अवसर पर सुरों की मंडली संस्था की ओर से शनिवार, 10 अक्टूबर को मधुश्री बैंक्वेट हाल, अशोका पैलेस, उदयपुर में ‘सुंदर पल अमिताभ के संग’ संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अमिताभ बच्चन की लोकप्रिय फिल्मों के सदाबहार गीतों से सजी इस संगीतमय महफिल में संगीत प्रेमियों ने अपनी गायकी से समां बांध दिया।
सुरों की मंडली संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि कार्यक्रम में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुतियां देकर अमिताभ बच्चन के शानदार फिल्मी सफर और उनकी यादगार भूमिकाओं को संगीत के माध्यम से याद किया। कई प्रतिभागी लोकप्रिय गीतों की धुन पर थिरकते नजर आए और पूरे आयोजन में उत्साह एवं उमंग का माहौल बना रहा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात संगीतज्ञ एवं तबला वादक अशोक कुमार राव रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि संगीत लोगों को जोड़ने का सशक्त माध्यम है। इस प्रकार के आयोजन कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ-साथ सदाबहार गीतों और उनसे जुड़ी पुरानी यादों को भी जीवंत बनाए रखते हैं।
अमिताभ बच्चन के अंदाज ने जीता दिल, गेटअप और संवाद प्रस्तुति के विजेता सम्मानित-कार्यक्रम में अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय अंदाज को मंच पर जीवंत करने के लिए विशेष प्रस्तुतियां दी गईं। अमिताभ बच्चन के सर्वश्रेष्ठ गेटअप का पुरस्कार विजय सिंह को प्रदान किया गया, जबकि सर्वश्रेष्ठ संवाद प्रस्तुति का पुरस्कार हेमंत सूर्यवंशी ने हासिल किया। दोनों प्रतिभागियों ने अपने अंदाज और प्रभावशाली प्रस्तुति से उपस्थित संगीत प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित रोचक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अरुण चौबीसा, देवेंद्र सिंह एवं मनोहर लाल मुखिया को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस गतिविधि ने आयोजन में मनोरंजन के साथ-साथ अमिताभ बच्चन के फिल्मी सफर से जुड़ी यादों को ताजा कर दिया।
वरिष्ठ कलाकारों को मंच देने के लिए ‘सुरों का सम्मान, वरिष्ठों के नाम’ प्रतियोगिता की घोषणा-कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण सुरों की मंडली संस्था की आगामी प्रतियोगिता ‘सुरों का सम्मान, वरिष्ठों के नाम’ के पोस्टर का विमोचन रहा। अतिथियों के करकमलों से पोस्टर का विमोचन किया गया। यह प्रतियोगिता 60 वर्ष से अधिक आयु के संगीत साधकों के लिए आयोजित की जाएगी, जिसमें वरिष्ठ कलाकारों को कराओके के माध्यम से अपनी गायन प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
संगीत के माध्यम से समाज को जोड़ना संस्था का उद्देश्य : मुकेश माधवानी-संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने कहा कि सुरों की मंडली का उद्देश्य संगीत के माध्यम से समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी जुड़ाव को बढ़ावा देना है। संस्था प्रतिभाशाली गायकों को मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ संगीत की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संगीत प्रेमियों और कलाकारों के लिए ऐसे आयोजन किए जाते रहेंगे, जिससे नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिले और वरिष्ठ कलाकारों को सम्मान प्राप्त हो।
संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहन सोनी ने कहा कि संगीत उम्र और पीढ़ियों की सीमाओं से परे है। ऐसे आयोजन युवा एवं वरिष्ठ कलाकारों को एक मंच पर लाकर आपसी संवाद, कला के आदान-प्रदान और संगीत की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं।
संस्था के सचिव अरुण चौबीसा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि टीम के सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और आपसी सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बनाया यादगार आयोजन-कार्यक्रम के आयोजक योगेश उपाध्याय, विकास स्वर्णकार, दिव्या सारस्वत, नीलम पटवा एवं नूतन वेदी ने सभी अतिथियों, गायकों और उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मंच संचालन नूतन वेदी एवं दिव्या सारस्वत ने प्रभावशाली ढंग से किया।
कार्यक्रम में मोहन सोनी, यशवंत जैन, नूतन वेदी, नीलम पटवा, अरुण कुमार चौबीसा, कमलेश कुमावत, विजय सिंह, अशोक परवानी, राजकुमार बापना, दिव्या सारस्वत, संगीता गोस्वामी, कमल कुमार जैनजा, किशोर यादव, गौरव स्वर्णकार, सरिता कंवर रावत, मनोहर लाल मुखिया, देवेंद्र जी, अनिल निभायानी, योगेश उपाध्याय, विकास स्वर्णकार, पुष्कर नायक, हेमंत सूर्यवंशी, विष्णु वैष्णव, शकुंतला जैन, अखिलेश जोशी, रानी झा एवं सज्जन सिंह सहित अन्य प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा से आयोजन को यादगार बनाया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!