दो दिनों में 6 से 7 हजार लोगों ने लिया हिस्सा, 35-40 वाहनों की बुकिंग

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

ऑटोमोबाइल सेक्टर को 5 करोड़ से अधिक के कारोबार का अनुमान
राउंड टेबल इंडिया द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘रफ्तार 3.0 ऑटो एक्सपो’ का रविवार को फील्ड क्लब में सफलतापूर्वक समापन हुआ। दो दिनों तक चले इस आयोजन में शहरवासियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार, करीब 6 से 7 हजार लोगों ने एक्सपो में पहुंचकर इसे सफल बनाया।
उदयपुर लेेकसिटी राउण्ड टेबल के चेयरमैन मोहित सिंघवी ने बताया कि एक्सपो में देश-विदेश के प्रमुख ऑटोमोबाइल ब्रांड्स ने अपनी कारों और टू-व्हीलर्स का प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान करीब 35 से 40 कारों और टू-व्हीलर्स की बुकिंग हुई। वहीं, विभिन्न ऑटोमोबाइल डीलर्स को बड़ी संख्या में संभावित ग्राहकों से पूछताछ प्राप्त हुई।
उन्होंने बताया कि अलग-अलग ब्रांड्स को 100 से लेकर 300 तक इंक्वायरी प्राप्त हुई हैं। इससे आने वाले दिनों में इन इंक्वायरी के बुकिंग में बदलने की अच्छी संभावना है। एक्सपो में नई कारों, प्रीमियम एवं लग्जरी वाहनों, टू-व्हीलर्स और इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
आयोजकों के अनुसार, बुकिंग और प्राप्त हुई इंक्वायरी को देखते हुए रफ्तार 3.0 के माध्यम से ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री को 5 करोड़ रुपये से अधिक का संभावित कारोबार मिलने का अनुमान है। इसमें एक्सपो के दौरान हुई तत्काल बुकिंग के साथ आने वाले दिनों में इंक्वायरी से होने वाली बिक्री भी शामिल है।
सचिव दीपक जोधावत ने बताया कि आयोजन की सफलता पर सभी सहयोगियों, प्रायोजकों, ऑटोमोबाइल कंपनियों, डीलर्स और शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रफ्तार का उद्देश्य ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री को एक मजबूत प्लेटफॉर्म देने के साथ-साथ सामाजिक सेवा के लिए संसाधन जुटाना भी है।
फंडरेजिंग अभियान में कन्वेनर सनी मोदी, आसिम बोलिया, डॉ. आशीष सिंघल और मनन मंदावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम के सामूहिक प्रयासों से आयोजन को व्यापक स्तर पर समर्थन मिला।
रफ्तार 3.0 केवल एक ऑटो एक्सपो नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकार से जुड़ा एक प्रयास भी रहा। आयोजन से जुटाई गई राशि का उपयोग अंबेरी स्थित सरकारी विद्यालय में छह कक्षाओं के निर्माण के लिए किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
दो दिनों तक चले इस आयोजन ने ऑटोमोबाइल कंपनियों, डीलर्स और ग्राहकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराया। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी, वाहनों की बुकिंग और सैकड़ों इंक्वायरी ने रफ्तार 3.0 को ऑटोमोबाइल और सामाजिक सेवा के संगम वाला सफल आयोजन बनाया।
फील्ड क्लब में आयोजित दो दिवसीय रफ्तार 3.0 ऑटो एक्सपो के दूसरे दिन रविवार को ऑटोमोबाइल प्रेमियों का उत्साह चरम पर नजर आया। शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित एक्सपो देखने पहुंचे। सुबह से शुरू हुआ दर्शकों का सिलसिला दोपहर बाद भीड़ में बदल गया और शाम तक पूरा परिसर लोगों से गुलजार हो उठा।
एक्सपो में एक ही मंच पर देश.विदेश के प्रमुख वाहन ब्रांडों की नई तकनीक और आकर्षक मॉडल देखने को मिले। टोयोटा, बीएमडब्ल्यू, विनफास्ट, मारुति, फॉक्सवैगन, कियाए एमजी और बीवाईडी सहित विभिन्न कंपनियों की कारों ने वाहन प्रेमियों का ध्यान खींचा। लग्जरी कारों के साथ दमदार मोटरसाइकिलों और अत्याधुनिक विद्युत वाहनों ने भी युवाओं को खासा आकर्षित किया।
विंटेज कारों ने बटोरीं सबसे ज्यादा निगाहें
आधुनिक वाहनों के बीच प्रदर्शित की गईं विंटेज और हेरिटेज कारें एक्सपो का खास आकर्षण रहीं। पुरानी दौर की खूबसूरत कारों को देखने के लिए लोग काफी देर तक रुके रहे। इन कारों ने ऑटोमोबाइल के गौरवशाली इतिहास की झलक दिखाने के साथ नई पीढ़ी को भी रोमांचित किया।
बच्चों की जिद बनी परिवारों की संडे आउटिंग
कई परिवार बच्चों की जिद पर एक्सपो पहुंचे, लेकिन यहां आने के बाद अभिभावक भी वाहनों की दुनिया में रमते नजर आए। बच्चों ने अपनी पसंद की कार, बाइक और स्कूटर देखकर उत्साह जताया। कई परिवारों ने कहा कि इस बार का आयोजन पिछले संस्करणों की तुलना में ज्यादा आकर्षक और मनोरंजक है।
गर्मी पर भारी पड़ा लोगों का उत्साह
तेज धूप और गर्मी भी दर्शकों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था और दोपहर बाद भीड़ लगातार बढ़ती गई। शाम तक प्रदर्शनी परिसर में पैर रखने तक की जगह मुश्किल से नजर आई।
ऑटोमोबाइल के साथ मनोरंजन का पूरा इंतजाम
रफ्तार 3.0 को केवल वाहन प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रखा गया। खेल क्षेत्र, खान.पान क्षेत्र और बच्चों के मनोरंजन की गतिविधियों ने इसे पूरे परिवार के लिए आकर्षण का केंद्र बना दिया। यही वजह रही कि रविवार को बड़ी संख्या में लोगों ने यहां पहुंचकर वाहनों के साथ मनोरंजन का भी आनंद लिया।
नई तकनीक की चमकए लग्जरी वाहनों का आकर्षणए दमदार बाइक्स का रोमांच, विद्युत वाहनों का भविष्य और विंटेज कारों की शान इन सबने मिलकर रफ्तार 3.0् को उदयपुर में ऑटोमोबाइल प्रेमियों का सबसे बड़ा आकर्षण बना दिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!