मंदिर में तोडफोड को लेकर फूटा जनाक्रोश, बाजार बंद, आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर,(उदयपुर व्यूज)। शहर के खांजीपीर बीडा में पीपलेश्वर महादेव मंदिर में समाजकंटक द्वारा की गई तोडफोड को लेकर पुलिस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए विभिन्न हिंदू संगठनों के बडी संख्या में कार्यकर्ता सडक पर उतर आए। देहलीगेट चौराहा पर जनाक्रोश फूट पडा और आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर बडे आंदोलन तक की चेतावनी दी गई। बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने की जानकारी दी गई। आक्रोशित लोगों द्वारा आरोपी के खिलाफ कडी से कडी कार्रवाई करने, उसके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की गई। पुलिस और प्रशासन द्वारा आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने व न्यायालय के निर्देशों की पालना करते हुए अग्रिम कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।


शहर के सूरजपोल थानांतर्गत खांजीपीर बीडा में पीपलेश्वर महादेव मंदिर में अज्ञात समाजकंटक द्वारा 17 सितम्बर की रात्रि में तोडफोड की गई। इसकी जानकारी मिलने पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आक्रोश जाहिर करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों के कार्रवाई करने के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए और घर लौटे। आश्वासन के अनुरुप शुक्रवार सुबह तक कार्रवाई न होने पर हिंदू संगठनों के युवा कार्यकर्ता सूरजपोल थाने पहुंचे और घेराव कर लिया। इस बार भी पुलिस अधिकारियों द्वारा अनुसंधान करने और जल्द कार्रवाई पूरी करने का आश्वासन देकर सभी को शांत किया गया। शनिवार सुबह तक कार्रवाई न होने पर हिंदू संगठनों के बडी संख्या में युवा कार्यकर्ता और महिलाएं देहलीगेट चौराहा पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए बाजार बंद कराने लगे। इस बीच देहलीगेट और बापूबाजार के व्यापारियों ने भी अपने स्तर पर प्रतिष्ठान बंद कर दिए। माहौल गर्माने लगा और युवाओं में आक्रोश बढने लगा। सर्व समाज के लोगों के बीच में जाकर शहर विधायक ताराचंद जैन ने समझाईश की। इस दौरान शहर विधायक जैन ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि आरोपी पर कठोर कार्रवाई की जाएगी और इसके बाद विधायक जैन ने प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर सख्त से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। देहलीगेट चौराहे पर प्रदर्शन कर रहे सर्व समाज के युवाओं की सूचना पर दोपहर को शहर विधायक ताराचंद जैन देहलीगेट पर पहुँचे और उन्होंने वहां पर युवाओं की पूरी बात सुनी। युवाओं ने इस घटना के बारें में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा की जा रही देरी पर आक्रोश जताया। युवाओं ने कहा कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाया जाए। युवाओं से बात कर शहर विधायक ताराचंद जैन ने मौके से ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को फोन किया और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। दोपहर में पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में लगे करीब एक सौ सीसीटीवी खंगालते हुए संदिग्ध की पहचान करते हुए स्थानीय एक युवक को डिटेन किया गया है। जिसका नाम फिरोज बताया गया जो स्थानीय है। इसके बाद भी सर्वसमाज व हिंदू संगठनों की ओर से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उसका घर पर बुलडोजर चलाने की मांग करते हुए बडे आंदोलन की चेतावनी दी। दोपहर बाद पीपलेश्वर महादेव मंदिर संघर्ष समिति के बैनर तले प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल से भेंट कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जिसमें मंदिर तोडने वाले दोषियों के घर पर बुलडोजर चलाने, दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने, मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित करने वहां सीसीटीवी लगाने, मंदिर का जीर्णोद्धार करवाने, बाधा बनी दीवार हटवाने की मांग की गई। जिला कलेक्टर अग्रवाल ने सारी मांगों को सुनने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने और न्यायालय के निर्देशानुसार नियमों का पालन करते हुए अग्रिम कार्रवाई करने का आश्वासन देते हुए भरोसा दिलाया। इसके बाद जनाक्रोश शांत हुआ।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!