उदयपुर, 19 सितम्बर। राजपूत महासभा संस्थान, उदयपुर संभाग की बैठक शनिवार को रावजी का हाटा स्थित समाज भवन में संस्थान अध्यक्ष संत सिंह भाटी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में समाज को और अधिक सुदृढ़, संगठित एवं सक्रिय बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान संगठन के नवीन गठन के तहत विभिन्न पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई।
संस्थान के महासचिव प्रदीप सिंह भाटी ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और समाज की महिलाओं, युवाओं तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नवीन दायित्व निर्धारित किए गए हैं। नवीन गठन के तहत रेखा चूंडावत को महिला प्रकोष्ठ की संभाग प्रभारी बनाया गया। वहीं उषा भाटी को शहर महिला प्रभारी, रेखा चौहान उप प्रभारी तथा मंजू राठौड़ को देहात महिला प्रभारी तथा ललिता यदुवंशी को उप प्रभारी का दायित्व सौंपा गया। टीना राठौड़ को महिला एवं बाल विकास समिति की सचिव तथा मनीषा राठौड़ को उप सचिव नियुक्त किया गया।
सचिव हितेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि इसी क्रम में धर्मेन्द्र सिंह राठौड़ को संगठन शहर प्रभारी, संगठन के प्रचार-प्रसार एवं आधुनिक संचार व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सुदर्शन सिंह भाटी को मीडिया प्रभारी एवं पर्वत सिंह यदुवंशी को डिजिटल प्रभारी नियुक्त किया गया।
बैठक में पदाधिकारियों ने सौंपे गए दायित्वों को पूरी निष्ठा एवं सक्रियता के साथ निभाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठन से जोड़ने का संकल्प लिया। अध्यक्ष संत सिंह भाटी ने कहा कि मजबूत संगठन ही समाज की एकजुटता और प्रगति का आधार है। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक के अंत में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की गई कि नए दायित्वों के माध्यम से राजपूत महासभा संस्थान को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
राजपूत महासभा ने फूंका संगठन में नई ऊर्जा का बिगुल, महिला शक्ति से लेकर डिजिटल टीम तक सौंपी नई जिम्मेदारियां
