उदयपुर स्वदेशी मेले में शामिल होंगे केंद्रीय मंत्री शेखावत, सांसद रावत ने दिया न्योता

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 19 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ के विज़न को धरातल पर उतारने के लिए उदयपुर में आगामी 2 से 5 अक्टूबर तक चार दिवसीय भव्य ‘स्वदेशी मेला-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। राजस्थान कृषि महाविद्यालय (आरसीए) प्रांगण में होने वाले इस मेगा औद्योगिक मेले में केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। शनिवार सुबह उदयपुर हवाई अड्डे पहुंचने पर सांसद मन्नालाल रावत ने केंद्रीय मंत्री शेखावत का स्वागत किया और उन्हें मेले में पधारने का न्योता दिया।

चार डोम में सजेगा स्थानीय उद्योग—कार्यालय प्रभारी ब्रिजमोहन भाटी ने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों, स्टार्ट-अप्स, स्वयं सहायता समूहों और हस्तशिल्पियों को एक वृहद मंच प्रदान कर राष्ट्रीय व वैश्विक बाजार से जोड़ना है। आरसीए ग्राउंड में लगने वाले इस मेले में विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे, जिन्हें सेक्टरवार चार अलग-अलग डोम में व्यवस्थित किया जाएगा। इनमें मार्बल, निर्माण, कृषि, फैशन, इंजीनियरिंग, ऑटोमोबाइल, कॉटेज इंडस्ट्री तथा महिला उद्यमियों के लिए विशेष सेक्टर बनाए जा रहे हैं। चार दिनों में 50 हजार से अधिक दर्शकों और खरीदारों के पहुंचने की संभावना है।

बैठक में बांटी जिम्मेदारियां, हैकाथॉन और सेमिनार भी होंगे-—मेला संयोजक मनोज जोशी ने बताया कि शनिवार को आयड़ स्थित स्वदेशी मेला कार्यालय में कार्यसमिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रचार-प्रसार, डिजिटल मार्केटिंग और स्टॉल बुकिंग की जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं को सौंपी गईं। मेले में व्यापारिक प्रदर्शनी के साथ-साथ आइडिया हैकाथॉन, बिजनेस सेमिनार और सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन भी होगा, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं और नवाचारों को बढ़ावा मिलेगा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!