जंतुआलय विकास ट्रस्ट की त्रैमासिक बैठक का आयोजन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

वन्यजीवों एवं पयर्टकों हेतु सुविधाओं के विस्तार एवं संरक्षण पर मंथन
2 करोड़ से अधिक की लागत के विविध प्रस्तावों पर चर्चा
उदयपुर, 18 सितंबर। सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क एवं गुलाब बाग स्थित बर्ड पार्क की देखरेख एवं संरक्षण एवं संवर्धन करने वाले जंतुआलय विकास ट्रस्ट की त्रैमासिक बैठक शुक्रवार को संभागीय आयुक्त एवं पदेन ट्रस्ट अध्यक्ष खजान सिंह की अध्यक्षता में आयुक्तालय सभागार में आयोजित हुई। इस दौरान आगामी समय में ट्रस्ट अंतर्गत विभिन्न वन्यजीव पर्यटन स्थलों पर वन्यजीवों एवं पर्यटकों की सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा हुई।

बैठक की शुरुआत में औपचारिक परिचय पश्चात उप वन संरक्षक (वन्यजीव) अनुराग भटनागर ने ट्रस्ट की आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। इसके उपरांत आगामी समय में ट्रस्ट के माध्यम से होने वाले विभिन्न संरक्षण एवं संवर्धन कार्यों की चर्चा हुई एवं अनुमोदन हुआ। इसमें प्रमुख रूप से सज्जनगढ़ मानसून पैलेस तक के रास्ते को दुरुस्त करने, स्टाफ क्वार्टर्स की मरम्मत, सज्जनगढ़ मुख्य द्वार पर पार्किंग एरिया, बायो पार्क एंक्लोजर, लायन सफारी आदि में प्राइवेट सुरक्षा गार्ड लगाने, लायन सफारी के बाहर निरीक्षण पथ का संधारण कार्य एवं लायन सफारी फेंसिंग के साथ-साथ बाहरी और लाइव फेंसिंग संवर्धन कार्य, बायोलॉजिकल पार्क में पाए जाने वाली तितलियों, मोथ आदि के बारे में अध्ययन कार्य करवाने, पार्किंग एरिया में अधूरे कार्य को पूर्ण करवाने सहित लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत के 20 कार्य शामिल है।

इस अवसर पर संभागीय आयुक्त खजान सिंह ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्यों पर नियमानुसार ही राशि खर्च हो तथा सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण रूप से एवं समय पर पूरे हो। इस दौरान बैठक में मुख्य वन संरक्षण (वन्यजीव) मुकेश सैनी, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सी आर देवासी, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, पर्यटन उपनिदेशक शिखा सक्सेना, एसई पीएचईडी रविन्द्र चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी स्वंयसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न हितधारक मौजूद रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!