बच्चों ने कैनवास पर साकार किया विकसित भारत का सपना
जिलेभर के विद्यालयों में चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं
उदयपुर, 18 सितम्बर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत उदयपुर जिले में विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल तथा अभियान के नोडल अधिकारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद प्रीतम कुमार के निर्देशन में जिलेभर में अभियान से संबंधित विविध कार्यक्रम संचालित हो रहे हैं।
अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विकसित भारत को लेकर अपने सपनों, विचारों और कल्पनाओं को रचनात्मक अभिव्यक्ति दी।
रंगों के जरिए दिखाया सपनों का भारत
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कैनवास पर अपने सपनों के भारत की तस्वीर उकेरी। किसी चित्र में आधुनिक एवं आत्मनिर्भर भारत की झलक दिखाई दी तो किसी में स्वच्छ, शिक्षित, समृद्ध और पर्यावरण के प्रति जागरूक भारत की कल्पना को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया। बच्चों की रचनाओं में देश के विकास और उज्ज्वल भविष्य को लेकर उनकी सकारात्मक सोच नजर आई।
निबंध और भाषण में व्यक्त किए विचार
निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने विकसित भारत के संकल्प, देश के विकास, युवा शक्ति, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और नागरिकों की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने अपने वक्तव्यों और लेखों के माध्यम से बताया कि विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
अभियान में हो रहे विविध कार्यक्रम
राज्य सरकार के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 18 अक्टूबर तक चलने वाले विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत जिले में विभिन्न सेगमेंट के माध्यम से गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन एवं विशेषकर विद्यार्थियों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ते हुए उनमें जागरूकता, सहभागिता और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करना है। अभियान के तहत आयोजित हो रही गतिविधियों में विद्यार्थियों एवं आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, जिससे विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
