मन, वचन और कर्म की एकरूपता ही आर्जव धर्म का सारःपंडित रविकीर्ति

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

महावीर भवन सेक्टर 14 में पर्युषण पर्व के तीसरे दिन उत्तम आर्जव धर्म की आराधना, 25 सितंबर को मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान
उदयपुर। महावीर भवन सेक्टर 14 में दिगंबर जैन समाज द्वारा पर्युषण पर्व के तीसरे दिन उत्तम आर्जव धर्म दिवस के अवसर पर प्रातःकाल श्रीजी का अभिषेक एवं शांतिधारा सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। शांतिधारा का पुण्यार्जन झमक लाल देवड़ा परिवार को प्राप्त हुआ।
धार्मिक प्रवचन के दौरान पंडित रविकीर्ति ने उत्तम आर्जव धर्म का महत्व बताते हुए कहा कि मन, वचन और काया की एकरूपता ही आर्जव धर्म है। मन में जैसा विचार हो, वाणी से भी वैसा ही बोलना और उसी के अनुरूप कर्म एवं आचरण करना सच्चे आर्जव धर्म की पहचान है। उन्होंने कहा कि जीवन में सरलता, निष्कपटता और सत्यनिष्ठा अपनाकर व्यक्ति आत्मिक शुद्धि की ओर अग्रसर हो सकता है।
कार्यक्रम में सौधर्म इंद्र-इंद्राणी बनने का सौभाग्य जमनालाल एवं कमला देवी धतानिया परिवार को प्राप्त हुआ। उनके सानिध्य में पूजा-अर्चना सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन विधिवत सम्पन्न हुए। समाजजनों ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
पर्युषण पर्व के अवसर पर महावीर जैन युवा परिषद द्वारा रात्रिकालीन कार्यक्रम में जैन धर्म पर आधारित विशेष नाटक का मंचन किया जा रहा है। जैन पाठशाला के बालक इस नाटक के माध्यम से धर्म, संस्कार एवं नैतिक मूल्यों का संदेश प्रस्तुत कर रहे हैं। कार्यक्रम को लेकर समाजजनों में उत्साह बना हुआ है।
25 सितंबर को मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान-ट्रस्ट महामंत्री भूरी लाल जैन ने बताया कि आगामी 25 सितंबर को समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा डिप्लोमा एवं डिग्री प्राप्त करने वाले समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने समाज के विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया। सम्मान समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना तथा समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देना है।
ट्रस्ट अध्यक्ष भंवर लाल मुंडलिया ने पर्युषण पर्व के दौरान सौधर्म इंद्र-इंद्राणी बनने वाले परिवारों, शांतिधारा एवं अन्य धार्मिक पुण्यार्जन करने वाले श्रद्धालुओं की अनुमोदना की। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी समाजजनों एवं श्रद्धालुओं का आभार प्रकट किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!