नगरीय निकाय चुनाव – 2026
प्रत्येक राउण्ड में 5 वार्डों का जारी होगा परिणाम
मतगणना 14 को, तैयारियां पूरी
मतगणना केंद्र में मोबाइल के साथ प्रवेश वर्जित
उदयपुर, 12 सितम्बर। नगरीय निकाय चुनाव – 2026 के तहत जिले में दो चरणों में हुए मतदान के बाद अब मतगणना 14 सितम्बर को होनी है। इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश अनुसार जिला प्रशासन ने संपूर्ण तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि नगर निगम उदयपुर की मतगणना राजस्थान कृषि महाविद्यालय परिसर में 14 सितम्बर को सुबह 8 बजे प्रारंभ होगी। मतगणना कार्मिकों को सुबह 6.30 बजे तक गणना स्थल पर अपनी उपस्थिति देना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि नगर निगम के 80 वार्डों की गणना के लिए 5 गणना कक्ष तय किए गए हैं, तथा प्रत्येक में अधिकतम 8 टेबल लगाई गई हैं। निगम क्षेत्र की मतगणना के कुल 16 राउण्ड होंगे। प्रत्येक राउण्ड में 5 वार्डों के परिणाम जारी किए जाएंगे। इसमें निगम क्षेत्र में 16-16 वार्डों के लिए तय किए गए सहायक रिटर्निंग अधिकारी वार वार्डों की ईवीएम गणना के लिए लाई जाएंगी।
इसी प्रकार वल्लभनगर, मावली, भीण्डर, कानोड़ और फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिकाओं की मतगणना संबंधित नगरपालिका मुख्यालय पर स्थापित वितरण एवं संग्रहण केंद्र पर ही होगी। उक्त सभी स्थलों पर एक-एक गणना कक्ष स्थापित करते हुए 5-5 टेबल लगाई गई हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ अमृता दुहन ने बताया कि मतगणना को लेकर व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं। मतगणना स्थल पर त्रि स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। गणना स्थल पर अधिकृत पास धारक को ही प्रवेश दिया जाएगा, अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूर्णतया वर्जित रहेगा। इसके अलावा गणना केंद्र पर मोबाइल लेना भी पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
हर वार्ड के लिए रहेंगे अलग एजेंट
मतगणना के दौरान गणना कक्ष में प्रत्याशियों के एजेंट मौजूद रहेंगे। उनके सामने ही पूर्ण पारदर्शिता के साथ गणना की प्रक्रिया की जाएगी। इस दौरान वार्ड वार ही एजेंट को कक्ष में उपस्थित रहने की अनुमति होगी, संबंधित वार्ड की गणना पूरी होते ही उन्हें बाहर भेज दिया जाएगा तथा अगले वार्ड के प्रत्याशियों के एजेंट को प्रवेश दिया जाएगा।
