उदयपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ उदयपुर दीवास की ओर से राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, बरोड़िया, बड़गाँव में शिक्षक सम्मान एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करने के साथ विद्यार्थियों के लिए विभिन्न सेवा गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
क्लब अध्यक्ष नयना जैन ने बताया कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नीतू शर्मा सहित 10 शिक्षकों का नारियल, इनर व्हील दीवास उपरना, लहरिया दुपट्टा एवं विशेष सर्टिफिकेट भेंट कर सम्मान किया गया। इस दौरान शिक्षकों के समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि कांता जोधावत रहीं।
क्लब की ओर से विद्यालय के विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, जूते, स्पोर्ट्स सामग्री, खिलौने तथा खाने-पीने की सामग्री भी वितरित की गई। बच्चों ने रंगारंग एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
क्लब की फाउंडर रेखा भानावत ने कहा कि शिक्षक समाज के भविष्य को गढ़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। शिक्षकों का सम्मान करने के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहयोग करना क्लब की सेवा भावना का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि क्लब ने वर्ष 2024 में बरोड़िया स्कूल को ‘हैप्पी स्कूल’ के रूप में विकसित किया था। इसके बाद से क्लब विद्यालय और विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निरंतर सेवा एवं विकास कार्यों में सहयोग कर रहा है।
कार्यक्रम में क्लब की उपाध्यक्ष आशा श्रीमाली, बेला व्यास, प्रीति श्रीमाली सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय की अध्यापिका एवं इनर व्हील क्लब ऑफ उदयपुर दीवास की सदस्य गिरजा नाहर ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में विशेष सहयोग किया।
गुरुओं का सम्मान, बच्चों को खुशियों की सौगातःइनरव्हील दीवास ने मनाया शिक्षक दिवस
