हरियालो राजस्थान अभियान के तहत ‘माँ यशोदा के नाम सघन वृक्षारोपण’ अभियान

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

केवड़े की नाल स्थित हल्दू घाटी वन रेंज में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
प्रभारी सचिव टी. रविकांत सहित अधिकारियों ने किया पौधरोपण
उदयपुर, 03 सितंबर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप राज्य सरकार की ओर से प्रदेश को हरा-भरा बनाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘हरियालो राजस्थान अभियान’ के तहत गुरुवार को एक दिवसीय विशेष ‘माँ यशोदा के नाम सघन वृक्षारोपण’ राज्य स्तरीय अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम केवड़े की नाल स्थित हल्दू घाटी वन रेंज में आयोजित हुआ।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रमुख शासन सचिव, राजस्व एवं उपनिवेशन विभाग तथा जिले के प्रभारी सचिव टी. रविकांत ने सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया। उन्होंने अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधरोपण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। विद्यार्थियों को अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाने के साथ-साथ लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

अधिकारियों ने भी किया पौधरोपण
इस अवसर पर प्रशासन एवं वन विभाग के अधिकारियों ने भी पौधे लगाए। इस दौरान संभागीय मुख्य वन संरक्षक रूप नारायण मीणा, जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, उप वन संरक्षक डी.के. तिवारी, विजय शंकर पांडे, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रीतम कुमार, जिला खेल अधिकारी डॉ महेश पालीवाल सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!