उदयपुर। समीपवर्ती बलीचा रोड पर राह जाते युवक के साथ अज्ञात बदमाश द्वारा लूटपाट करने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार सुनील पुत्र सूरमाल मीणा निवासी अमरपुरा फला पाटीया टीडी ने गोवर्धनविलास थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि बलीचा रोड पर अज्ञात बदमाश उसके पास से 36 हजार रुपए लूट ले गया। पुलिस फरार बदमाश को तलाश रही है।
रिसोर्ट के कमरे से 10 लाख रुपए चोरी
उदयपुर। शहर के गोवर्धनविलास थानांतर्गत सुरफलाया स्थित एक रिसोर्ट के कमरे में टेबल की दराज का ताला तोडकर अज्ञात बदमाश द्वारा दस लाख रुपए चुरा ले जाने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार सुरफलाया गोवर्धनविलास स्थित सिजन पार्क रिसोर्ट के एमडी किशोर जम्बानी पुत्र स्वर्गीय जगदीशचंद्र सिंधी निवासी न्यू पोलो ग्राउण्ड सहेली नगर ने दी रिपोर्ट में बताया कि अज्ञात चोर द्वारा उसके कमरे में टेबल का दराज का ताला तोडकर अंदर से 10 लाख रुपए चुरा ले गया। पुलिस चोर का पता लगाने में जुटी है।
ट्रॉयल लेने का झांसा देकर ले उडे थार जीप
उदयपुर। शहर के रानी रोड पर धोखे से ट्रॉयल लेने का झांसा देकर थार जीप ले भागने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार कुलदीप राठौड पुत्र श्यामसिंह राठौड निवासी सबलसिंह की ढाणी प्रतापनगर ने करण सिंह व उसके दोस्तर करणवीर व हरप्रीत सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें आरोपियों द्वारा धोखाधडी कर ट्रॉसल लेने का झांसा देकर रानीरोड से उसकी महिंद्रा थार जीप लेकर भाग जाने का आरोप लगाया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
मदार से युवती लापता
उदयपुर। जिले के बडगांव थानांतर्गत मदार गांव से एक युवती के लापता हो जाने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार पीडित ने बडगांव थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी बेटी 30 अगस्त को बिना बताए घर से कहीं चली गई। काफी तलाश करने पर उसका कहीं कोई पता नहीं चला। पुलिस लापता युवती को तलाश कर रही है।
पिछोला में डूबे युवक का शव निकाला
उदयपुर। शहर की पिछोला झील में डूबे युवक का शव मंगलवार को रेस्क्यू करके बाहर निकाला गया। शव घंटाघर थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया। प्रारंभिक जांच में मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को एमबी चिकित्सालय की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया है। जानकारी के अनुसार सोमवार रात को एक युवक गणगौर घाट स्थित दाईजी की पुलिया के पास डूबते देखा गया था। डूबने की सूचना पर सोमवार रात को लोगों की भीड जमा हो गई थी। मौके पर सिविल डिफेंस की टीम पहुंची लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू आॅपरेशन बंद करना पडा। मंगलवार को पुन: रेस्क्यू कार्य शुरू कर शव को बाहर निकाला गया।
गजसिंहजी की बाडी में रात में दिखा पैंथर
उदयपुर। शहर के अंबामाता क्षेत्र में गजसिंह की बाडी में बीती रात को एक पैंथर चहलकदमी करते दिखाई दिया। इसके बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। आसपास सज्जनगढ बायोलॉजिकल पार्क व अभयारण्य होनें से पैंथर का अक्सर शहर से सटे आबादी क्षेत्र में मूवमेंट देखा गया है। सोमवार रात को गजसिंह की बाडी में पैंथर दिखाई देने की सूचना पर अंबामाता थाना पुलिस और वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और टार्च की रोशनी में पैंथर को तलाशने की कोशिश की गई। वनकर्मचारियों ने मंगलवार सुबह भी आबादी क्षेत्र में पहुंचकर पैंथर को तलाश किया लेकिन वह कहीं दिखाई नहीं है। पैथर के कारण क्षेत्रवासियों ने सुरक्षा की दृष्टि से पिंजरा लगाने की मांग की है।
पिकअप एक्सीडेंट में वृद्ध की मौत
उदयपुर। जिले के ओगणा क्षेत्र में पिकअप की टक्कर से राहगीर वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार कमला दरोगा निवासी पडावली कलां ओगणा ने पिकअप चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जिसमें बताया कि पिकअप चालक द्वारा लापरवाही गफलत पूर्वक पिकअप चलाते हुए एक्सीडेंट करने से उसके पति गोपीलाल 55 पुत्र नाथूलाल दरोगा की मृत्यु हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
सूने मकान से लाखों के जेवरात व सामान चोरी
उदयपुर। शहर के सविना क्षेत्र के समता विहार में सूने मकान से अज्ञात चोर लाखों रुपए कीमत के जेवरात और सामान चुरा ले गए। पुलिस के अनुसार राजकुमार सेन पुत्र स्वर्गीय खेमराज बारबर निवासी सालेरा कलां मावली हाल समता विहार तितरडी ने दी रिपोर्ट में बताया कि 30 अगस्त को रात करीब साढे नौ बजे जब वह अपने घर पहुंचा तो घर में चोरी होने का पता चला। अंदर देखने पर पता चला कि चोर उसकी पत्नी के जेवरात करीब तोला वजनी सोने के गले की आड, कान के टॉप्स सोने के, पेर की पायल, अंगूठी और एक लाख रुपए नगद तथा घर का सामान चुरा ले गए। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।
मोक्ष मार्ग से मोटरसाइकिल चोरी
उदयपुर। शहर के शास्त्री सर्कल स्थित मोक्ष मार्ग से अज्ञात बदमाश द्वारा मोटरसाइकिल चुरा ले जाने का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार नरेश परिहार पुत्र जगदीश परिहार निवासी महाजन मोहल्ला आमेट जिला राजसमंद हाल मोक्ष मार्ग शास्त्री सर्कल ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसने अपनी मोटरसाइकिल घर के बाहर खडी की थी जिसे अज्ञात बदमाश चुरा ले गया। पुलिस चोर और चुराई गई मोटरसाइकिल को तलाश रही है।
युवक ने पंखे से फांसी लगा की आत्महत्या
उदयपुर। शहर में आवरी माता कॉलोनी में घर में पंखे से फांसी का फंदा लगाकर युवक ने आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार रमेशचंद्र पुत्र गमेरलाल रेगर निवासी आवरी माता कॉलोनी ने हिरणमगरी थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि उसका छोटा भाई 30 वर्षीय हेमन्त रेगर आवरी माता कॉलोनी में मकान की तीसरी मंजिल पर परिवार सहित रहता था। उसने दिन में कमरे में लगे पंखे पर बेडशीट का फंदा बनाकर गले में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों पता नहीं चला। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
