उदयपुर। आनंद विद्या भारती पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के शारीरिक शिक्षक एवं कराटे प्रशिक्षक देवेंद्र सिंह चुंडावत ने चेन्नई में आयोजित ऐतिहासिक कराटे आयोजन में भाग लेकर गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया। उनकी इस उपलब्धि से उदयपुर के खेल जगत में खुशी की लहर है।
विश्व कराटे मास्टर्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में देशभर से 800 से अधिक कराटे मास्टर्स ने एक साथ भाग लेकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। आयोजन में चयनित 450 कराटे मास्टर्स को विश्व रिकॉर्ड का आधिकारिक प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया, जिनमें उदयपुर के देवेंद्र सिंह चुंडावत भी शामिल रहे।
कराटे एवं मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय देवेंद्र सिंह की सफलता पर कराटे उदयपुर के महासचिव संजू सिंह ने उनका स्वागत कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि देवेंद्र सिंह की मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है तथा इससे उदयपुर के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। स्कूल प्रबंधन, साथी शिक्षकों एवं खिलाड़ियों ने भी देवेंद्र सिंह चुंडावत को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उदयपुर के कराटे प्रशिक्षक देवेंद्र सिंह चुंडावत ने रचा इतिहास, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम
