फतहसागर की पाल पर की माॅर्निंग वाॅक, बच्चों को बांटी चाॅकलेट्स
उदयपुर, 16 अगस्त। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को उदयपुर प्रवास के दौरान विश्व प्रसिद्ध फतहसागर झील की पाल पर मॉर्निंग वॉक करते हुए आमजन से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री का सहज और अपनत्व भरा अंदाज लोगों के बीच खासा आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने आमजन के साथ चाय की चुस्कियां लीं और बुजुर्गों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उनकी कुशलक्षेम पूछी।
उदयपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्री शर्मा का रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में रहा। रविवार सुबह मुख्यमंत्री फतहसागर की पाल पर माॅर्निंग वाॅक के लिए निकले। वॉक के दौरान बच्चों से भी आत्मीयता से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को दुलारते हुए चॉकलेट्स दीं। मुख्यमंत्री को अपने बीच सहज रूप से देखकर आमजन में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल नजर आया। लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ बातचीत की और उनके सहज व्यवहार की सराहना की। इस दौरान जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी, सांसद डाॅ मन्नालाल रावत, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, पूर्व डिप्टी मेयर पारस सिंघवी, समाजसेवी गजपाल सिंह, पुष्कर तेली, देवीलाल सालवी, दीपक शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन भी मुख्यमंत्री के साथ रहे।
फतहसागर की शांत और खुशनुमा सुबह में मुख्यमंत्री का आमजन के बीच इस आत्मीय अंदाज ने जनप्रतिनिधि और जनता के बीच संवाद की सहज तस्वीर प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री ने लोगों से मिलकर उनकी बातें सुनीं और आत्मीयता के साथ उनका हालचाल जाना।
