जन्मदिन पर गौसेवा का संकल्प, मंत्री बाबूलाल खराड़ी व विधायक फूलसिंह मीणा ने गौशाला में अर्पित किया हरा चारा-गुड़

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 16 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी एवं उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने अपना जन्मदिन सेवा एवं गौसेवा के रूप में मनाया। दोनों जनप्रतिनिधि पशुपति कल्याण परिषद गौशाला पहुंचे और गौमाता को एक ट्रक हरा चारा एवं गुड़ अर्पित कर सेवा की।
संस्था के अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि दोनों जनप्रतिनिधियों ने जन्मदिन के अवसर पर सादगी के साथ गौसेवा को प्राथमिकता दी। इस दौरान उपस्थितजनों ने गौमाता की सेवा एवं गौ रक्षा का संकल्प लिया।
संस्था की ओर से कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी एवं विधायक फूलसिंह मीणा का पगड़ी, शॉल एवं उपरना ओढ़ाकर स्वागत-अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर संस्था की सचिव सुमन बॉस एवं कोषाध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने गौशाला की ओर से संचालित विभिन्न सेवा गतिविधियों की जानकारी दी।
पदाधिकारियों ने गौशाला के संचालन में आ रही समस्याओं से मंत्री एवं विधायक को अवगत कराते हुए उनके शीघ्र समाधान का आग्रह किया। इस पर मंत्री बाबूलाल खराड़ी एवं विधायक फूलसिंह मीणा ने गौशाला की समस्याओं के निराकरण के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
आयोजकों ने कहा कि जन्मदिन जैसे व्यक्तिगत अवसर को गौसेवा एवं समाजसेवा से जोड़ना लोगों को सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम के अंत में गौशाला सचिव सुमन बॉस ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!