उदयपुर। सोजतिया द्वारा संचालित नीरजा मोदी स्कूल में नव-नामांकित छात्र परिषद एवं सदन पदाधिकारियों का भव्य इन्वेस्टीचर समारोह आयोजित किया गया। समारोह सोजतिया चैरिटेबल ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष नेहल सोजतिया के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं गणेश स्तुति की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समारोह को गरिमामय बना दिया।
संस्था के चेयरमैन डॉ. महेन्द्र सोजतिया ने अपने संदेश में नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को नेतृत्व, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं टीम भावना का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि पद केवल सम्मान नहीं बल्कि जिम्मेदारी का प्रतीक है। विद्यार्थियों को विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए।
विद्यालय की निर्देशिका साक्षी सोजतिया ने छात्र नेताओं को समर्पण, ईमानदारी एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में मुख्य अतिथि ने सभी छात्र पदाधिकारियों को पदानुसार बैज एवं सैश पहनाकर शपथ दिलाई। दर्श जैन को हेड बॉय एवं गोलजिका सिंह चुंडावत को हेड गर्ल, मन कवरानी को डिप्टी हेड बॉय तथा अक्षिता सिंह को डिप्टी हेड गर्ल नियुक्त किया गया। वहीं चार्वी आमेटा को चीफ मार्शल, यज्ञश्रेय सिंह सोलंकी को डिप्टी चीफ मार्शल, प्रिशा गुलाटी को लिटरेरी सेक्रेटरी, वंश सोनी को डिप्टी लिटरेरी सेक्रेटरी, दुर्गेश वैष्णव को कल्चरल सेक्रेटरी, हीरल शर्मा को डिप्टी कल्चरल सेक्रेटरी, तेजेश्वर सिंह को स्पोर्ट्स कैप्टन एवं द्विशा सालवी को डिप्टी स्पोर्ट्स कैप्टन बनाया गया।
विभिन्न क्लबों के अध्यक्षों के रूप में गर्वित जांगिड़, प्रियांश महादेवाला, तेजस घग्गर, दर्श जैन, दिव्यांशी धनवात, वंशिका शर्मा, भूमिका डांगी एवं कनिष्का श्रीमाली को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इसके अलावा अग्नि, पृथ्वी, नीर एवं वायु हाउस के कैप्टन, उप-कैप्टन एवं प्रीफेक्ट भी नियुक्त किए गए।
मुख्य अतिथि ने सभी छात्र परिषद सदस्यों को बधाई देते हुए विद्यालय के आदर्शों का पालन करने और अपने नेतृत्व से उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सर जेसी बीश्वास, शिक्षाविद डॉ. मुकेश श्रीमाली, लौकित कावड़िया एवं श्रेया सोजतिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
नीरजा मोदी स्कूल में नई छात्र परिषद ने संभाली जिम्मेदारी, नेतृत्व और अनुशासन की दिलाई शपथ
