कैमरे में कैद की 12 साल की कहानी, काठमांडू में मिला दोहरा सम्मान

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर के कुणाल चुग ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर जीते स्वर्ण और कांस्य पुरस्कार

उदयपुर। उदयपुर के युवा लेंसमैन कुणाल चुग ने अपनी 12 वर्षों की मेहनत और रचनात्मक फोटोग्राफी के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर शहर का नाम रोशन किया है। देश-विदेश में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सहित अनेक प्रतिष्ठित आयोजनों और विवाह समारोहों के खास पलों को कैमरे में कैद करने वाले कुणाल चुग को नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित ईएमएफ ग्लोबल नेटवर्क अवॉर्ड्स समारोह में दोहरे सम्मान से नवाजा गया।
कुणाल चुग को बेस्ट वेडिंग फोटोग्राफर श्रेणी में स्वर्ण और कांस्य पुरस्कार प्राप्त हुए। समारोह में अभिनेता विक्रांत मैसी और जगदीप मेहता (जेडी भाई) ने उन्हें स्वर्ण पुरस्कार प्रदान किया, जबकि अभिनेत्री कूबरा सेठ के हाथों उन्हें कांस्य पुरस्कार मिला।
12 वर्षों से यादों को दे रहे तस्वीरों का रूप
कुणाल चुग पिछले 12 वर्षों से फोटोग्राफी के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपनी सिनेस्पेक्ट्रम टीम के साथ उन्होंने देश-विदेश में अनेक दंपतियों की प्रेम कहानियों, विवाह समारोहों और जीवन के खास पलों को कैमरे में संजोया है। उनका मानना है कि हर विवाह अपने आप में एक अलग कहानी होता है, जिसमें भावनाएं, रिश्ते और अनगिनत यादें जुड़ी होती हैं।
कुणाल और उनकी टीम इन भावनाओं को पारंपरिक तस्वीरों से आगे ले जाकर कहानी और रचनात्मकता के साथ प्रस्तुत करने के लिए जानी जाती है। यही खास अंदाज उनकी फोटोग्राफी की पहचान बना और अब इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान मिला है।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया उदयपुर का गौरव-कुणाल ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरी टीम के लिए गर्व का क्षण है। पिछले 12 वर्षों में लगातार सीखने, नए प्रयोग करने और हर तस्वीर में भावनाओं को जीवंत रखने की कोशिश का यह परिणाम है।
कुणाल चुग की इस उपलब्धि से उदयपुर के फोटोग्राफी और वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े लोगों में भी उत्साह है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिले स्वर्ण और कांस्य पुरस्कार ने उदयपुर की प्रतिभा को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ ही युवा फोटोग्राफरों के लिए भी नई प्रेरणा कायम की है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!