गुरुओं का सम्मान, प्रतिभाओं का अभिनंदन, भाविप मेवाड़ का प्रेरक आयोजन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। भारतीय संस्कृति में गुरु के सम्मान और विद्यार्थियों के प्रोत्साहन की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए भारत विकास परिषद, मेवाड़ शाखा ने गुरुकुल उच्च माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-14 में गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया। संस्कार प्रकल्प के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी में गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता एवं राष्ट्र निर्माण के लिए भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का संवर्धन करना रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को उपरणा ओढ़ाकर, स्मृतिचिन्ह एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात सम्मानित विद्यार्थियों ने भी अपने गुरुजनों को उपरणा ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस भावपूर्ण क्षण ने गुरु-शिष्य परंपरा को जीवंत कर पूरे आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। परिषद की ओर से शिक्षकों को भी स्मृतिचिन्ह एवं प्रमाण-पत्र भेंट किए गए।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय सह संयोजक (सेवा गतिविधि) डॉ. जयराज आचार्य, वरिष्ठ सदस्य हरिशंकर तिवारी, मेवाड़ शाखा अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिंह सिसोदिया, सेवा संयोजक श्रीरत्न मोहता, संस्कार संयोजक डॉ. योगेश ज्यानी तथा सचिव एडवोकेट संजय मेहता ने विद्यालय के संस्था प्रधान चंद्रप्रकाश सिंघवी का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।
वक्ताओं ने कहा कि श्गुरु वंदनदृछात्र अभिनंदनश् जैसे कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, कृतज्ञता और राष्ट्रभक्ति के भाव जागृत करने का सशक्त माध्यम हैं। परिषद ने भविष्य में भी ऐसे संस्कारमूलक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में भारतीय संस्कृति और गुरु-शिष्य परंपरा को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!