महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश, श्री एकलिंग नाथ राष्ट्रीय सेवा संगठन की नई महिला कार्यकारिणी का सम्मान

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। श्री एकलिंग नाथ राष्ट्रीय सेवा संगठन द्वारा महिला कार्यकर्ता सम्मान समारोह एवं स्नेह मिलन कार्यक्रम सोमवार को बड़ा हवाला स्थित सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केन्द्र में उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला कार्यकर्ताओं का सम्मान, नई महिला कार्यकारिणी का परिचय तथा संगठनात्मक गतिविधियों को नई ऊर्जा प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के संस्थापक अध्यक्ष आकाश बागड़ी ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने, अपने नेतृत्व कौशल को विकसित करने तथा सामाजिक सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने जीवन में सफलता प्राप्त करने के विभिन्न सूत्र साझा करते हुए आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर प्रयास को सफलता की कुंजी बताया।
आकाश बागड़ी ने जानकारी दी कि संगठन की पूर्व महिला कार्यकारिणी को भंग कर नई महिला कार्यकारिणी का गठन किया गया है। इस अवसर पर नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का सम्मान कर उन्हें संगठन की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
समारोह में शिवानी त्रिवेदी प्रदेश अध्यक्ष, प्रियंका गर्ग प्रदेश उपाध्यक्ष, निर्मला कुंवर जिला अध्यक्ष, चंदा शर्मा जिला उपाध्यक्ष, लक्ष्मी साहू एवं ज्योति वैष्णव जिला सचिव, रेखा ठाकर, सारिका सालवी, निक्की कोईवल तथा वर्षा कोतवाल कार्यकारिणी सदस्य एवं राधा सालवी का मीडिया प्रभारीके रूप में सम्मानित किया गया।
स्नेह मिलन के दौरान सभी महिला पदाधिकारियों ने अपना परिचय दिया तथा सामाजिक सेवा, महिला सशक्तिकरण और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में महिला नेतृत्व को मजबूत बनाने, समाज सेवा के कार्यों को गति देने तथा महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का समापन संगठन की भावी योजनाओं पर चर्चा एवं महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ हुआ।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!