उदयपुर। अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा एवं महिला प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित सामूहिक पारिवारिक पिकनिक रविवार को उत्साह, उमंग और पारिवारिक सौहार्द के माहौल में संपन्न हुई। वन विहार कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों ने पूरे उत्साह से भाग लिया। खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक गतिविधियों और स्वादिष्ट व्यंजनों के बीच समाज की एकजुटता, संगठन और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
जिला महामंत्री नरेश कुमार अग्रवाल एवं महिला प्रकोष्ठ महामंत्री रेखा अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल द्वारा महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सभी समाजजनों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठित समाज ही प्रगति का आधार होता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को महासभा से जोड़ने और सदस्यता अभियान को गति देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री नरेश कुमार अग्रवाल ने महासभा द्वारा वर्षभर में किए गए सामाजिक, सेवा एवं संगठनात्मक कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। वहीं महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष पुष्पलता तायल ने महिला प्रकोष्ठ की ओर से संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं सेवा कार्यों का विवरण देते हुए सभी का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
महिला प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित हाउजी, चेयर रेस तथा बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं में महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान पारिवारिक माहौल, हंसी-ठिठोली और आपसी आत्मीयता ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में धाकड़ गार्डन के संचालक डी.पी. धाकड़ ने भी विशेष रूप से शिरकत की। महासभा की ओर से उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया। समाजहित एवं सेवा कार्यों में उनके योगदान की उपस्थित सदस्यों ने मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद दिया।
कार्यक्रम के अंत में संयोजक अरविंद अग्रवाल ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया। सुस्वादु भोजन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर अरविंद अग्रवाल, प्रेम अग्रवाल, रजनीश बंसल, पुष्पलता तायल, रेखा अग्रवाल, सपना गुप्ता, रेनू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अग्र बंधु, मातृशक्ति एवं बच्चों की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूरे आयोजन ने समाज में एकता, सहयोग और पारिवारिक संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान की।
हंसी, उल्लास और एकता के रंग में रंगी अग्रवाल महासभा की पारिवारिक पिकनिक, समाज संगठन को मिला नया संबल
