70 महिला उद्यमियों का हुआ भव्य सम्मान,वूमन बिजनेस सर्किल ने महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल पेश की

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें व्यवसाय के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से वूमन बिजनेस सर्किल द्वारा आयोजित भव्य महिला उद्यमी सम्मान समारोह में शहर की 70 महिला उद्यमियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, नवाचार और व्यवसायिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। समारोह उत्साह, प्रेरणा और महिला उद्यमिता के जश्न का साक्षी बना।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली अविषा मेहता, नवनीत कौर चाबड़ा, मानसी टाक, अंशु पाहुजा एवं सोनिया शर्मा को वूमन बिजनेस सर्किल अचीवर अवार्ड से सम्मानित किया गया। अतिथियों ने इन महिला उद्यमियों की सफलता को अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुश्री शीतल अग्रवाल (अतिरिक्त निदेशक, खान एवं भू-विज्ञान विभाग, उदयपुर) थीं। विशिष्ट अतिथियों में शरद लोढ़ा, गगन शर्मा, गीतांजली मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के महाप्रबन्धक कल्पेश तथा मनीष मेनारिया मौजूद थे। सभी अतिथियों ने महिला उद्यमियों को सम्मानित करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने और नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान वूमन बिजनेस सर्किल की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई। मीनाक्षी पालीवाल को सचिव तथा कपिला भारद्वाज को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। संस्था के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का सम्मान करते हुए उन्हें वूमन बिजनेस सर्किल मेम्बर
शीप सर्टिफिकेट भी प्रदान किए गए।
संस्था की संस्थापक एवं अध्यक्ष आचार्या अणिमा गोस्वामी ने कहा कि वूमन बिजनेस सर्किल का उद्देश्य महिलाओं को केवल एक मंच उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें व्यवसाय शुरू करने, उसे विकसित करने, सही नेटवर्क बनाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए हर संभव सहयोग देना है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में सफलता के लिए आधुनिक तकनीक, डिजिटल मार्केटिंग, ब्रांडिंग, सोशल मीडिया, बिजनेस स्ट्रेटेजी और मजबूत नेटवर्किंग अत्यंत आवश्यक हैं। इसी सोच के साथ सर्किल की महिलाओं को एआई, डिजिटल मार्केटिंग, सोशल मीडिया ब्रांडिंग, कंटेंट क्रिएशन, बिजनेस प्रमोशन, प्रोडक्ट डेवलपमेंट, ब्रांडिंग और पैकेजिंग जैसे विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है।
उन्होंने बताया कि संस्था महिलाओं को फाइनेंशियल प्लानिंग, सीए कंसल्टेंसी, बिजनेस रजिस्ट्रेशन, मार्केट कनेक्ट, अमेज़न लिस्टिंग और बिजनेस कोलैबोरेशन जैसी सेवाओं से भी जोड़ रही है। नियमित बिजनेस मीटिंग्स के माध्यम से सदस्य अपने अनुभव साझा कर नए व्यावसायिक अवसरों का लाभ उठा रहे हैं।
कार्यक्रम मे वूमन बिजनेस सर्किल के विस्तार की घोषणा करते हुए आचार्या अणिमा गोस्वामी ने बताया कि संस्था अब उदयपुर के साथ जयपुर, जोधपुर, गुरुग्राम और इंदौर तक पहुंच चुकी है। वूमन बिजनेस सर्किल इन्दौर चेप्टर की शुरुआत करते हुए कविता सोनी को इंदौर चैप्टर का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सर्किल का विस्तार देश के अन्य प्रमुख शहरों में भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं एक मजबूत बिजनेस नेटवर्क से जुड़कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!