उदयपुर, 27 जुलाई। गुरुधाम प्रेम नगर, शिशवी (कुराबड़) में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 29 जुलाई 2026 (बुधवार) को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव महामंडलेश्वर महंत मनोहर गिरधारी महाराज महात्यागी के पावन सान्निध्य में आयोजित होगा।
गुरुभक्त दिनेश औदिच्य व कमलेश औदिच्य ने संयुक्त रूप से बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत प्रात: 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक दीक्षा समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात गुरु गीता पाठ, श्री हनुमान चालीसा, भजन संध्या एवं महाप्रसादी का आयोजन होगा, जिसमें सभी गुरु भक्त सहभागी बनेंगे। शाम 7 बजे आरती एवं गुरुदेव के दर्शन होंगे। इसके बाद पूरी रात्रि मधुर भजनों की संगीतमय प्रस्तुति होगी तथा गुरुदेव श्री के मुखारविंद से भक्तों को आशीर्वचन प्राप्त होंगे। आयोजकों ने बताया कि भारतीय संस्कृति में गुरु को ईश्वर के समान स्थान प्राप्त है। गुरु ही वह दिव्य शक्ति हैं, जो अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान, सत्य और सदाचार का मार्ग प्रशस्त करते हैं। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं गुरु भक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गुरु पूर्णिमा महोत्सव को सफल बनाएं तथा इस पावन पर्व को श्रद्धा, उत्साह और उमंग के साथ मनाएं।
गुरुधाम प्रेम नगर शिशवी में 29 जुलाई को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा गुरु पूर्णिमा महोत्सव
