उदयपुर। जिले के गोगुंदा कस्बे में बुधवार को घर के बाहर पेशाब करने की बात को लेकर विवाद के बाद अधेड उम्र के हिस्ट्रीशीटर की तलवार से गर्दन अलग कर हत्या करने के बाद से फरार आरोपी को पुलिस ने जंगल से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार गोगुंदा कस्बे में बुधवार रात करीब नौ बजे पेशाब आने पर हिस्ट्रीशीटर देवीलाल उर्फ राजा बाबू घर के बाहर निकल कर सामने वाले घर के बाहर पेशाब करने लगा। उसे देख पडौसी ओमप्रकाश खटीक ने टोका तो उनके बीच कहासुनी हो गई। बात ज्यादा बढने और शोर शराबा होने पर देवीलाल की मां व भाई घर से बाहर निकल कर आए और बीच बचाव करने लगे। तभी आवेश में आया ओमप्रकाश खटीक घर में से तलवार लेकर आया और जोर से देवीलाल की गर्दन पर वार कर दिया। वार तेज होने से देवीलाल की गर्दन उसके धड से अलग हो गई और उसकी तडपते हुए मौके पर ही अपनी मां व भाई के सामने मौत हो गई। हमले के बाद फरार हुए आरोपी ओमप्रकाश खटीक को गोगुंदा थाना पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए बडी के जंगलों से दबोचा जहां व अंधेरे में पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। प्रांरभिक पूछताछ में आरोपी ओमप्रकाश खटीक ने हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
हिस्ट्रीशीटर की गर्दन तलवार से अलग करने का आरोपी जंगल से गिरफ्तार
