उदयपुर। ऑटो कंपोनेंट्स एवं इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र की अग्रणी कंपनी हिम टेक्नोफोर्ज लिमिटेड बद्दी ( हिमाजल प्रदेश) के केएजी चीता सुपर ब्रांड पार्टनर शोरूम का मंगलवार को उदयपुर के बलीचा स्थित श्री कनेश्वरी एंटरप्राइजेज में विधिवत पूजा-अर्चना एवं फीता काटकर शुभारंभ किया गया। समारोह में कंपनी के पदाधिकारियों, व्यापार जगत से जुड़े लोगों, डीलरों और बड़ी संख्या में अतिथियों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर कंपनी के चेयरमैन विजय अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 1985 से संचालित कंपनी ने समय-समय पर तकनीकी और व्यावसायिक स्तर पर कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। उन्होंने कहा कि इंदौर के पीथमपुर में कंपनी के दो प्लांट संचालित हैं और जल्द ही तीसरा प्लांट शुरू किया जाएगा, जिससे करीब 1500 लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि कंपनी बीएसई में सूचीबद्ध है तथा उसका वार्षिक कारोबार लगभग 450 करोड़ रुपये का है।
कंपनी के निदेशक मनन अग्रवाल ने बताया कि वर्ष के अंत तक देशभर में 70 नए ब्रांड पार्टनर शोरूम खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि उदयपुर में नए शोरूम की शुरुआत केवल व्यावसायिक विस्तार नहीं, बल्कि स्वच्छ, हरित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी अत्याधुनिक तकनीक से लैस इलेक्ट्रिक वाहनों और ऑटो कंपोनेंट्स के माध्यम से ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रेस वार्ता के दौरान कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग को देखते हुए राजस्थान में केएजी चीता सुपर का नेटवर्क तेजी से विस्तारित किया जा रहा है। नए शोरूम के माध्यम से उदयपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के ग्राहकों को बिक्री, सर्विस और स्पेयर पार्ट्स की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। कंपनी भविष्य में भी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए नए निवेश और आधुनिक तकनीक पर कार्य करती रहेगी।
समारोह में श्री कनेश्वरी एंटरप्राइजेज के लोगर सिंह सहित शहर के गणमान्य नागरिक, व्यापारी, डीलर और अन्य अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों ने शोरूम का अवलोकन कर कंपनी की इलेक्ट्रिक वाहन श्रृंखला और आधुनिक तकनीक की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों के अधिकाधिक उपयोग का संदेश दिया गया।
उदयपुर के बलीचा में केएजी चीता सुपर ब्रांड पार्टनर शोरूम का शुभारंभ, 70 नए शोरूम खोलने की घोषणा
