महावीर इंटरनेशनल केंद्र उदयपुर ने रचा इतिहास, सेवा पखवाड़े के 14 दिनों में 74 सेवा प्रकल्प

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उमरड़ा में 400 पौधों का वृहद वृक्षारोपण
उदयपुर, 18 जुलाई। महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र ने पर्यावरण संरक्षण एवं जनसेवा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए सेवा पखवाड़े के अंतर्गत मात्र 14 दिनों में 74 सेवा प्रकल्प पूर्ण किए। इसी क्रम में उमरड़ा की पहाड़ी को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से एस.एस. पॉलिटेक्निक कॉलेज के सहयोग से 400 पौधों का वृहद वृक्षारोपण किया गया। वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ महावीर इंटरनेशनल के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष (रीजन-4) वीर गौतम राठौड़ एवं ट्रस्टी सदस्य वीर बी.एल. खमेसरा ने पौधारोपण कर किया।
महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र के अध्यक्ष वीर रविंद्र सुराणा ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। अरावली पर्वतमाला मेवाड़ की जीवनरेखा है, इसलिए उसकी हरियाली बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। इसी उद्देश्य से उमरड़ा की एक पहाड़ी को गोद लेकर वहां 400 पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पौधों का नियमित रखरखाव एस.एस. पॉलिटेक्निक कॉलेज द्वारा किया जाएगा। इस संपूर्ण अभियान में मनमोहनराज सिंघवी एवं अभय सिंघवी की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही। सुराणा ने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को वृक्ष बनाना अधिक महत्वपूर्ण है। इसी सोच के साथ सिंघवी परिवार ने प्रत्येक पौधे पर ड्रिप इरिगेशन (बूंद-बूंद सिंचाई प्रणाली) लगाने का निर्णय लिया है। लगाए गए पौधे लगभग 8 से 10 फीट ऊंचे हैं, जिससे उनके शीघ्र विकसित होने और क्षेत्र में हरियाली बढऩे की संभावना अधिक है।
इस अवसर पर अध्यक्ष वीर रविंद्र सुराणा, सचिव वीर सुरेश बड़ीवाल, कोषाध्यक्ष वीर अशोक खुर्दिया, जोन अध्यक्ष वीर हंसा हिंगड़, जोन सचिव वीर राजकुमार नलवाया, उपाध्यक्ष वीर प्रकाश जैन, वीर राजेंद्र सुराणा, वीर दिलीप सुराणा, वीर राजमल कोठारी, वीर पूरणमल मेहता, वीर चंद्रप्रकाश जैन, वीर संजय वडाला, वीर कमलकुमार जैन, डॉ. अजय सांखला, वीर नरेंद्र हिंगड़, वीर नरेंद्र खाबिया, वीर चंदन सिंह छाजेड़, वीर एम.पी. जैन, वीर यशवंत वर्डिया, वीर पारस हिंगड़ सहित लगभग 40 वीर एवं वीरांगनाओं की उपस्थिति रही।
महावीर इंटरनेशनल अपेक्स द्वारा आयोजित सेवा पखवाड़े के दौरान उदयपुर केंद्र ने 14 दिनों में कुल 74 सेवा प्रकल्प पूर्ण कर देशभर के लगभग 350 महावीर इंटरनेशनल केंद्रों में सर्वाधिक सेवा प्रकल्प आयोजित करने का गौरव प्राप्त किया, जो अपने आप में एक उल्लेखनीय उपलब्धि एवं कीर्तिमान है।
इन सेवा प्रकल्पों के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में थैलेसीमिया जागरूकता, डिजिटल बैंकिंग एवं बैंकिंग फ्रॉड से बचाव, स्टेशनरी वितरण, जूट बैग वितरण, पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त भारत की शपथ, महिला स्वास्थ्य जागरूकता, तथा “झिझक छोड़ो, चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो” अभियान के अंतर्गत 450 सेनेटरी पैड वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि थैलेसीमिया जागरूकता कार्यक्रम में डॉ. अनुराधा सनाढ्य तथा स्त्री रोग जागरूकता कार्यक्रम में डॉ. कमल कमरानी का विशेष योगदान रहा।
इसके अतिरिक्त “खुशियों का बाजार” सेवा प्रकल्प के अंतर्गत सर्व ऋतु विलास विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में 150 महिलाओं को उत्कृष्ट गुणवत्ता के ब्रांडेड वस्त्र, मासिक राशन सामग्री एवं वर्षा से बचाव हेतु छातों का वितरण किया गया। वहीं दिल्ली गेट चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया गया।
महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र के सचिव वीर सुरेश बड़ीवाल ने बताया कि आगामी 21 जुलाई को तुलसीदास जी की सराय में वृक्षारोपण, सेनेटरी पैड एवं स्टेशनरी वितरण तथा सलेरा (मावली) में वृक्षारोपण, स्कूली बच्चों को ड्रेस, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी वितरण के सेवा प्रकल्प आयोजित किए जाएंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!