एक मंच पर छह लायंस क्लबों का भव्य पदस्थापना समारोह, सेवा-संकल्प के साथ नए पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

वी.के. लाडिया बोले- लायंस केवल संगठन नहीं, मानव सेवा का वैश्विक आंदोलन है
उदयपुर। लायंस क्लब्स इंटरनेशनल की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए शहर के छह लायंस क्लबों का संयुक्त पदस्थापना समारोह राजस्थान कृषि महाविद्यालय के सभागार में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर समाजसेवा के नए संकल्प के साथ अपनी जिम्मेदारियां संभालीं। साथ ही छहों क्लबों ने आगामी वर्ष में शिक्षा, स्वास्थय, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याण से जुड़े सेवा कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प व्यक्त किया।
समारोह में लायंस क्लब हिरणमगरी की अध्यक्ष अनिता आचार्य, सचिव भूपेन्द्र वर्मा एवं कोषाध्यक्ष दिनेश जैन, लायंस क्लब नीलांजना की अध्यक्ष नेहा जैन नाहटा, सचिव हीना तलेसरा एवं कोषाध्यक्ष हेमलता साहू, लायंस क्लब एकलिंगजी के अध्यक्ष सुरेन्द्र मोगरा, सचिव करूणा चौधरी एवं कोषाध्यक्ष दीप्त जोशी, लायंस क्लब एरिस्टोक्रेट के अध्यक्ष भूपेन्द्र वर्मा, सचिव एम.सी. सुहालका एवं कोषाध्यक्ष ममता वर्मा, लायंस क्लब मंगल की अध्यक्ष सुनीता पाल, सचिव ललिता सोनी एवं कोषाध्यक्ष निशा खींचा, तथा लायंस क्लब युवाशक्ति के अध्यक्ष विनीत शर्मा, सचिव मनीष शर्मा एवं कोषाध्यक्ष मोहन शर्मा को पूर्व मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन अरविन्द शर्मा ने संगीतमय वातावरण में शपथ दिलाकर पदस्थापित कराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कमलेश कुमावत ने किया तथा स्वागत उद्बोधन अनिता आचार्य ने दिया। सभी नव-निर्वाचित अध्यक्षों ने अपने-अपने क्लबों की आगामी सेवा योजनाओं की जानकारी देते हुए समाजहित में अधिकाधिक प्रकल्प संचालित करने का संकल्प दोहराया। सचिव प्रतिवेदन भूपेन्द्र वर्मा एवं अंजना इंटोदिया ने प्रस्तुत किया।
समारोह की विशेष उपलब्धि के रूप में छहों क्लबों में 19 नए सदस्यों को शामिल किया गया। पूर्व मल्टीपल काउंसिल चेयरमैन संजय भण्डारी ने उन्हें लायंस की सदस्यता की शपथ दिलाकर संगठन से जोड़ा।
इस अवसर पर लायंस क्लब्स के पूर्व अंतरराष्ट्रीय निदेशक वी.के. लाडिया ने कहा कि “लायंस क्लब केवल एक सामाजिक संगठन नहीं, बल्कि मानव सेवा का वैश्विक आंदोलन है। लायंस का प्रत्येक सदस्य जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनता है। सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता ही लायनिज्म की वास्तविक पहचान है। यदि हर सदस्य पूरे मनोयोग से सेवा कार्य करे तो समाज में बड़ा परिवर्तन संभव है।” उन्होंने सभी पदाधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक जनकल्याणकारी परियोजनाएं संचालित करने का आह्वान किया।
समारोह में रिजन चेयरपर्सन बसंती वर्मा, अभिषेक शर्मा, जोन चेयरपर्सन रेखा जैन सहित अनेक वरिष्ठ लायंस पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन हरीश आचार्य एवं प्रणिता तलेसरा ने किया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!