शिक्षा सहयोग अभियान के तहत 160 विद्यार्थियों को वितरित की शैक्षणिक सामग्री

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

संस्कृति संवाहिका महिला प्रकोष्ठ,सक्सेना मातिमान कायस्थ सभा की पहल

उदयपुर, 11 जुलाई। सक्सेना मातिमान कायस्थ सभा, उदयपुर द्वारा संचालित शिक्षा सहयोग अभियान” शनिवार को डबोक क्षेत्र के दूरस्थ अंचल में सम्पन्न हुआ। अभियान के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय, गमेती बस्ती, मंदेसर एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, मंदेसर का गुड़ा के कुल 160 विद्यार्थियों को हिंदी, अंग्रेजी एवं गणित की कॉपियाँ, पेंसिल, इरेज़र, शार्पनर एवं स्केल सहित आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।

सभा की अध्यक्ष अनुभा सक्सेना ने बताया कि अभियान का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण- क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना तथा समाज में सेवा एवं जनसहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना है। अध्ययन सामग्री प्राप्त कर विद्यार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा विद्यालय परिवार ने सभा के इस प्रयास की सराहना की।

अभियान की विशेषता संस्कृति संवाहिका महिला प्रकोष्ठ की सक्रिय भागीदारी रही। महिला सदस्यों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं जीवन में शिक्षा के महत्व का संदेश दिया। सभा का मानना है कि समाज की मातृशक्ति की सहभागिता से ऐसे सेवा कार्य अधिक संवेदनशील एवं प्रभावी बनते हैं।

इस अवसर पर युवा प्रकोशत के अध्यक्ष गौरव सक्सेना  ने कहा कि “जब समाज स्वयं शिक्षा का दायित्व निभाता है, तब विद्यालयों में केवल सामग्री ही नहीं, बल्कि आशा, विश्वास और उज्ज्वल भविष्य का प्रकाश भी पहुँचता है।”

कार्यक्रम में चित्रांश अनुभा सक्सेना, डॉ. ममता सक्सेना, हर्षिता सक्सेना, श्रद्धा सक्सेना, सुरभि सक्सेना, गौरव सक्सेना, सौरभ सक्सेना, मोहित सक्सेना तथा डॉ. मनीष सक्सेना ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की।

सभा ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी समाजबंधुओं एवं आर्थिक सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सामूहिक सहयोग से शिक्षा सहयोग अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है। आगामी चरणों में चयनित अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

सभा ने समाज के सभी सदस्यों से इस सेवा अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा का प्रसार ही सशक्त समाज और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!