उदयपुर। शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं आवागमन को सुगम बनाने के लिए एलिवेटेड रोड के आसपास चल रहे पेच वर्क कार्य का शुक्रवार को नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर उपायुक्त डॉ नरेश सोनी ने अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्य की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री, सड़क का समतलीकरण तथा प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया और संबंधित अधीनस्थ अधिकारियों एवं कार्यकारी संस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ही कार्य करने के निर्देश दिए। निगम उपायुक्त डॉ नरेश सोनी ने बताया कि सड़क मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि पेच वर्क पूरी तकनीकी गुणवत्ता के साथ किया जाए ताकि बरसात के मौसम में सड़कें सुरक्षित एवं सुगम बनी रहें। साथ ही कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करते हुए यातायात व्यवस्था को भी प्रभावित नहीं होने देने के निर्देश दिए। गत 8 जुलाई को जिला कलक्टर द्वारा भी एलिवेटेड रोड क्षेत्र का निरीक्षण कर सड़क मरम्मत कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे। जिस पर तुरंत कार्य आरम्भ करवाए गए है। उपायुक्त डॉ नरेश सोनी के अनुसार पेच वर्क कार्य की शुरुआत उदियापोल क्षेत्र से की गई है। वर्तमान में एलिवेटेड रोड के आसपास क्षतिग्रस्त हिस्सों का मरम्मत कार्य तेज गति से किया जा रहा है। इसके बाद शहर के अन्य प्रमुख मार्गों एवं विभिन्न क्षेत्रों में भी चरणबद्ध रूप से पेच वर्क कराया जाएगा, जिससे बरसात के दौरान सड़कें सुरक्षित रहें और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़कों की नियमित मरम्मत एवं रखरखाव से नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा प्रत्येक स्तर पर नियमित निरीक्षण कर कार्यों की निगरानी सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अभियंता अखिल गोयल, सहायक अभियंता सुनील प्रजापत आदि अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
एलिवेटेड रोड के आसपास प्रगतिरत पेचवर्क कार्य का निगम उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण
