सहकार सप्ताह के तहत ग्रीन कोऑपरेटिव अभियान में वृक्षारोपण किया गया

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 4 जुलाई। सहकारिता विभाग, राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार मनाए जा रहे सहकार सप्ताह के अंतर्गत ग्रीन कोऑपरेटिव थीम पर उदयपुर सहकारी उपभोक्ता थोक भंडार लिमिटेड द्वारा शुक्रवार को प्रतापनगर स्थित केंद्रीय गोदाम परिसर में ‘‘एक पौधा माँ के नाम’’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री हरियालो राजस्थान अभियान की भावना के अनुरूप आयोजित किया गया। जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि, जन-जागरूकता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर भंडार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। सभी ने पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने के लिए नियमित रूप से पौधों की देखभाल करने का भी संकल्प व्यक्त किया।
भंडार के महाप्रबंधक डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य में निवेश है। उन्होंने कहा कि ‘‘एक पौधा माँ के नाम’’ अभियान मातृत्व के सम्मान के साथ    प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। सहकारिता विभाग द्वारा संचालित ग्रीन कोऑपरेटिव अभियान सहकारी संस्थाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की एक सराहनीय पहल है। उन्होंने विभागीय निर्देशानुसार सभी कर्मचारियों 5 पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित राजस्थान के निर्माण तथा वृक्षों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!