उदयपुर, 26 जून। आशापुरा विहार कॉलोनी, बेडवास में नवनिर्मित भोमेश्वर महादेव मंदिर का दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव धार्मिक आस्था एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
जानकारी देते हुए गणेशलाल डूंगावत (शर्मा) ने बताया कि आशापुरा विहार कॉलोनी में नवनिर्मित भोमेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत पहले दिन शुक्रवार शाम 5 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर मंगल गीतों के साथ भाग लिया। इसके पश्चात रात्रि में संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें भजन गायकों ने एक से बढक़र एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार प्रात: वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच हवन-पूजन एवं पूर्णाहुति संपन्न हुई। इसके बाद विधि-विधान से भगवान भोमेश्वर महादेव की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा एवं स्थापना की गई। कार्यक्रम के समापन पर महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर भूपेंद्र शर्मा, किशन लोहार, राधेश्याम, गणेशलाल शर्मा, रामलाल, लक्ष्मीलाल मेनारिया, नारायण लोहार सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
भोमेश्वर महादेव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न
