—हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह
—तीन दिवसीय हल्दीघाटी युद्ध विजय चित्र प्रदर्शनी आरंभ
—चित्रों पर चमका मेवाड़ी शौर्य और स्वाभिमान
—17 को होने वाले राष्ट्र चेतना संकल्प सभा की तैयारियां जारी
उदयपुर, 15 जून। मेवाड़ी मान और स्वाभिमान की शौर्य परम्परा के भाव को चित्र में उकेर पाना सरल कार्य नहीं है, लेकिन कलाकारों ने अंतर्मन के भावों को जिस तरह से उकेरा है, ऐसा प्रतीत होता है मानो हर चित्र बोल रहा हो, तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें न रहें।
यह बात शहर विधायक ताराचंद जैन ने सोमवार को यहां महाराणा भूपाल स्टेडिमय गांधी ग्राउंड में शुरू हुई तीन दिवसीय हल्दीघाटी युद्ध विजय चित्र प्रदर्शनी के उद्घाटन पर कही। हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु: शती समारोह के अंतर्गत लगाई गई मेवाड़ के इतिहास की इस चित्र प्रदर्शनी को देखने के बाद उन्होंने नई पीढ़ी से आह्वान किया कि वे चित्र प्रदर्शनी को देखेंगे तब उन्हें मेवाड़ की बलिदानी परम्परा पर न केवल गर्व की अनुभूति होगी, बल्कि जीवन में राष्ट्रधर्म, संस्कृति, मातृभूमि, सत्य, अनुशासन, चरित्र और साहस जैसे गुणों के लिए अडिग रहने का भाव भी जाग्रत होगा।
प्रदर्शनी संयोजक डॉ. रमन सूद ने बताया कि हल्दीघाटी युद्ध विजय की चित्र प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर महाराणा प्रताप कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रताप सिंह, भरतपुर ब्रज विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. मदन सिंह राठौड़ भी उपस्थित थे। इसी के साथ हल्दीघाटी विजय पर बनाई गई लघु फिल्म के पोस्टर का भी लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर प्रताप गौरव केन्द्र के सम्पर्क अधिकारी हनुमान सिंह राठौड़, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा, महामंत्री दीपक कुमार शुक्ल, हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के संयोजक सीए डॉ. महावीर चपलोत, उपाध्यक्ष सुभाष भार्गव, प्रताप गौरव केंद्र के निदेशक अनुराग सक्सेना, डॉ. अनिल कोठारी, चित्रकार राम सिंह, डॉ. विनोद यादव, फिल्म डायरेक्टर अरविंद सिंह चौधरी, फिल्म के सम्पादक दिनेश, सिनेमेटोग्राफर चेतन, साउंड रिकॉर्डिस्ट चित्तरंजन दास सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
प्रताप गौरव शोध केन्द्र के निदेशक डॉ. विवेक भटनागर ने बताया कि प्रदर्शनी में 51 चित्र हल्दीघाटी युद्ध सहित पूर्व में हुए जौहर और साकों से संबंधित रखे गए हैं। 68 चित्र उदयपुर शहर के विभिन्न गली—मोहल्लों—बाजारों के इतिहास से संबंधित रखे गए हैं। इसी तरह, 50 चित्र वे हैं जो गत वर्षों के दौरान महाराणा प्रताप जयंती के तहत आयोजित कार्यशालाओं में शहर और देश भर से आए चित्रकारों ने अपनी कूंची से उकेरे हैं। प्रदर्शनी में इतिहासविद डॉ. हुकुम जोशी, प्रो. पी.एम. यादव, डॉ. बालूदान बारहठ, लव वर्मा आदि ने अतिथियों को चित्रों के माध्यम से मेवाड़ के शौर्यपूर्ण इतिहास, नगर नियोजन, जल प्रबंधन, शिल्प ज्ञान, पर्यावरण—कृषि के इतिहास आदि विषयों के बारे में जानकारी प्रदान की।
वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अंतर्गत संचालित प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ के तत्वावधान में गत एक वर्ष से मनाए जा रहे हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के तहत यह प्रदर्शनी 17 जून को होने जा रही विशाल राष्ट्र चेतना संकल्प सभा तक चलेगी। उल्लेखनीय है कि इस संकल्प सभा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत करेंगे। इस प्रदर्शनी के लिए अलग से डोम बनाया गया है।
पूर्व संध्या पर होगा दुग्धाभिषेक—महाराणा प्रताप जयंती की पूर्व संध्या पर 16 जून को सायंकाल 5.15 बजे प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ में स्थित 57 फीट ऊंची बैठक प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया जाएगा।
सरसंघचालक आज आएंगे —राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत मंगलवार शाम को उदयपुर पहुंचेंगे। वे दिल्ली से वायुयान द्वारा शाम साढ़े सात बजे महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे साढ़े आठ बजे प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ पहुंचेंगे। उनका रात्रि विश्राम वहीं रहेगी। बुधवार 17 जून को गांधी ग्राउंड में होने वाली राष्ट्र चेतना संकल्प सभा को संबोधित करेंगे। दोपहर बाद वे दिल्ली के लिए प्र
आयोजन स्थल पर प्रवेश व पार्किंग व्यवस्था —हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के संयोजक सीए डॉ. महावीर चपलोत ने बताया कि अतिविशिष्ट जन (गोल्डन निमंत्रण पत्र) व साधु—संत प्रवर (भगवा निमंत्रण पत्र) का प्रवेश गेट क्रमांक — एक (लवकुश स्टेडियम वाला) से रहेगा। उनकी पार्किंग भी उसी ओर रहेगी।
—विशिष्टजन (नीला निमंत्रण पत्र) का प्रवेश गुरु गोविन्द सिंह (लम्बरदार) स्कूल की तरफ गेट—3बी से रहेगा। उनके वाहनों की पार्किंग झरिया मार्ग पर रहेगी। झरिया मार्ग से उन्हें आयोजन स्थल तक लाने के लिए गोल्फ कार्ट उपलब्ध रहेगी।
—अतिविशिष्ट व विशिष्टजन पार्किंग में वे ही वाहन रह सकेंगे जिन पर आयोजन का वाहन पास लगा हुआ होगा। वाहन पास निमंत्रण पत्र के साथ ही प्रदान किए गए हैं।
—प्रबुद्धजन, प्रमुखजन, प्रेस—मीडिया, कार्यकर्ता व अन्य का प्रवेश गेट क्रमांक दो (पहाड़ी बस स्टैंड) व लम्बरदार स्कूल की ओर गेट नंबर—3ए से रहेगा।
—उदयपुर शहर से आने वाले प्रमुखजनों की दोपहिया पार्किंग पहाड़ी बस स्टैंड, सूचना केन्द्र, मोहता पार्क, एमबी हॉस्पिटल मार्ग पर रहेगी।
—उदयपुर शहर से आने वाले प्रमुखजनों की चारपहिया पार्किंग फील्ड क्लब, मधुबन, लोक कला मंडल, भट्टजी की बाड़ी, दैत्यमगरी—रेलवे कॉलोनी मार्ग पर रहेगी।
—अन्य शहरों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग फतह स्कूल व विद्या भवन (देवाली) प्रांगण में रहेगी। इन दोनों स्थानों से गांधी ग्राउंड तक आने के लिए अलग से वाहनों की व्यवस्था रहेगी।
—विद्या भवन से आयेाजन स्थल तक विशेष वाहन सहेलियों की बाड़ी, यूडीए सर्कल होते हुए आकाशवाणी कार्यालय पहुंचेंगे। इसी तरह, फतह स्कूल से आयोजन स्थल तक विशेष वाहन कुम्हारों का भट्टा, दुर्गा नर्सरी रोड, शास्त्री सर्कल, कोठारी भवन, बंसी पान, एमजी कॉलेज होते हुए आकाशवाणी कार्यालय पहुंचेगी।
—इन विशेष वाहनों पर आयोजन के बैनर लगे होंगे। इनका उपयोग उदयपुर शहर के प्रबुद्धजन भी आयोजन में आने के लिए कर सकेंगे।
