नारी चौपाल में महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

विभिन्न योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं को सौंपे गए चेक, विभागीय योजनाओं की दी जानकारी
उदयपुर, 10 जून। महिला सशक्तिकरण एवं महिलाओं को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में बुधवार को सहेलियों की बाड़ी स्थित एसआईईआरटी सभागार में नारी चैपाल एवं नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृ शक्ति एवं स्वयं सहायता समूहों की सखियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने उपस्थित मातृ शक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण एक अत्यंत प्रासंगिक विषय है, जिस पर समय-समय पर चर्चा और संवाद आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं से विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक रहने, उनका अधिकाधिक लाभ उठाने तथा अन्य लोगों को भी इन योजनाओं के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सहभागिता के माध्यम से ही महिलाओं को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में महिला अधिकारिता विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं उनके लाभों के बारे में विभागीय अधिकारियों तथा हितधारकों द्वारा विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं को चेक वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) जितेंद्र ओझा, महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक संजय जोशी, समेकित बाल विकास सेवाएं विभाग के उपनिदेशक नंदलाल मेघवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!