सांसद डॉ रावत के पत्र के बाद पन्नाधाय महिला चिकित्सालय के भवन के पुनर्निर्माण की स्वीकृति जारी, 120 करोड रुपए आवंटित

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

-एच.एल.एल लाइफ केयर लि. को कार्यकारी संस्था नियुक्त किया
-सांसद ने मुख्यमंत्री और चिकित्सा मंत्री का आभार जताया
उदयपुर। सांसद डॉ मन्नालाल रावत द्वारा मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र के बाद उदयपुर के पन्नाधाय महिला चिकित्सालय के भवन के पुनर्निर्माण की स्वीकृति जारी कर दी गई है और इसके लिए कुल 120 करोड़ रुपए आवंटित किए गए
है। साथ ही निर्माण के कार्यदेश भी जारी कर दिए गए हैं। सांसद डॉ रावत ने इसके लिए मुख्यमंत्री और चिकित्सा मंत्री का आभार जताया।
सांसद डॉ मन्नालाल रावत ने बताया कि भवन निर्माण को लेकर पत्रावली जयपुर में लंबे समय से लंबित थी। इस संबंध में मुख्यमंत्री व चिकित्सा मंत्री को पत्र भेजकर शीघ्र स्वीकृत करवाने का अनुरोध किया था। जिस पर कार्रवाई करते हुए चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त बाबूलाल गोयल ने प्राचार्य आरएनटी मेडिकल कॉलेज को पत्र भेजकर कार्यकारी एजेंसी एच.एल.एल लाइफ केयर लि. को लेटर ऑफ इंटेंट जारी करने के संबंध में पत्र लिखा है। पत्र में बताया गया है कि संबंधित निर्माण कार्य के निष्पादन के लिए सक्षम स्तर से अनुमोदन उपरांत एच.एल.एल लाइफ केयर लि. को कार्यकारी संस्था नियुक्त किया गया है। परियोजना की डीपीआर सार्वजनिक निर्माण विभाग की बीएसआर के आधार पर तैयार होगी।
उल्लेखनीय है कि सांसद डॉ रावत ने इस भवन निर्माण में देरी के कारण महिला मरीजों को हो रही परेशानी को लेकर मुख्यमंत्री व चिकित्सा मंत्री को पत्र लिख बताया था कि उदयपुर संभाग के प्रमुख एवं प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान आर.एन.टी. मेडिकल कॉलेज, उदयपुर में स्थित पन्नाधाय राजकीय महिला चिकित्सालय का भवन वर्तमान में अत्यंत जर्जर अवस्था में है। इस कारण चिकित्सालय में आने वाली महिला मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं, को गंभीर असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। आर.एन.टी. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं वरिष्ठ चिकित्सकों से चर्चा करने पर यह तथ्य भी सामने आया है कि गर्भवती महिलाओं को उपचार के लिए अन्य वार्डों में स्थानांतरित करना पड़ रहा है, जो आवश्यक चिकित्सा उपकरणों एवं सुविधाओं से पूर्णतः सुसज्जित नहीं हैं। यह स्थिति मरीजों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत चिंताजनक है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!