भीलवाड़ा : निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा – कोठारी

पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की बैठक में दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश
भीलवाड़ा, 1 जून। भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने  अपने कार्यालय में सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विधायक कोठारी ने आरएसआरडीसी  के अधीन 35 करोड़ रुपये की लागत से महात्मा गांधी चिकित्सालय में निर्माणाधीन आईपीडी वार्ड के कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता बनाए रखने तथा आगामी दो माह में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही डीएमएफटी फंड से लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से विद्यालयों में बनने वाले नवीन कक्षा-कक्षों एवं अन्य निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया।
बैठक में डीएमएफटी फंड से प्रस्तावित 12.50 करोड़ रुपये तथा बजट घोषणा के तहत 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों के निर्माण कार्यों के प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई। विधायक कोठारी ने अधिकारियों से कहा कि विद्यालयों एवं अन्य विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए तथा सभी कार्य तय समय में पूर्ण कर आमजन को समर्पित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कोठारी ने कहा कि बेहतर सड़क सुविधाएं नागरिकों के जीवन स्तर को सुधारने के साथ-साथ शहर के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने शहर में बार-बार क्षतिग्रस्त होने वाली सड़कों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए अधिकाधिक सीसी सड़कें बनाने की आवश्यकता भी जताई, ताकि सड़कें टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण बन सकें।
बैठक में मुरली टावर के पीछे डी-ब्लॉक, दूदूवाला कंपाउंड तथा टेक्सटाइल मार्केट क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों एवं नालियों के निर्माण कार्यों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में अधिशासी अभियंता संदीप झंवर, सहायक अभियंता साहिल शर्मा एवं सुखी माली, आरएसआरडीसी के अधिकारी, विधायक कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी एडवोकेट अर्पित कोठारी, भगवान सिंह चौहान, संजय राठी, गजेन्द्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!