उदयपुर, 31 मई। राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के अंतर्गत रविवार को फतहसागर की पाल पर जन-जागरूकता हेतु भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन एवं क्षेत्रीय खेलकूद केंद्र, उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल अधिकारियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा तथा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विरमा राम रहे।
जिला खेल अधिकारी डॉ महेश पालीवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजन संबंधी जानकारी दी। अतिथियों ने जल संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक फूल सिंह मीणा ने कहा कि जल जीवन का आधार है तथा वर्तमान समय में जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे जल बचाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहकर समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करें। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विरमा राम ने कहा कि “वंदे गंगा” अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देकर ही प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सकता है।
जल बचाने संकल्पित हुए जन
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “जल है तो कल है”, “पानी बचाओ, जीवन बचाओ”, “वंदे मातरम्” एवं “भारत माता की जय” जैसे गगनभेदी नारों के साथ सम्पूर्ण फतहसागर क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति एवं जन-जागरूकता के वातावरण से गुंजायमान कर दिया। रैली ने आमजन को जल संरक्षण के महत्व से जोड़ने में प्रभावी भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय रणवीर सिंह राणावत ने किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों, प्रतिभागियों एवं नागरिकों ने जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने की शपथ भी ली। अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया गया।
