बेटियों की शिक्षा से स्वास्थ्य सुरक्षा तक ;रेखा सोमानी फाउंडेशन ने छेड़ी सामाजिक बदलाव की बड़ी मुहिम

 

 

उदयपुर। समाज में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में रेखा सोमानी फाउंडेशन ने दो बड़ी सामाजिक पहलों की घोषणा कर नई मिसाल पेश की है। फाउंडेशन एक ओर जहां देशभर में 5 लाख बच्चियों के सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण का महाअभियान शुरू करने जा रहा है, वहीं आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्राओं के साथ अब छात्रों के लिए भी निःशुल्क सीए फाउंडेशन बैच संचालित करेगा।
फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी सीए देवेंद्र कुमार सोमानी ने बताया कि संस्था द्वारा संचालित पहले गर्ल्स सीए फाउंडेशन बैच का परिणाम अत्यंत प्रेरणादायक रहा। बैच में शामिल 10 छात्राओं में से 7 बेटियों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल परीक्षा परिणाम नहीं, बल्कि उन परिवारों के सपनों की जीत है जो आर्थिक अभाव के बावजूद अपनी बेटियों को आगे बढ़ाना चाहते हैं।
इसी सफलता से प्रेरित होकर अब संस्था ने आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों के लिए भी निःशुल्क सीए फाउंडेशन बैच शुरू करने का निर्णय लिया है। ट्रस्टी सीए मुकेश खुबचंदानी ने बताया कि 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले जरूरतमंद छात्रों के लिए जनवरी 2027 परीक्षा को लक्ष्य बनाकर विशेष बैच प्रारंभ किया जाएगा। चयन प्रक्रिया और समय-सारणी की जानकारी जल्द ही संस्था की आधिकारिक वेबसाइट ूूूण्तमाींेवउंदपविनदकंजपवदण्वतह पर उपलब्ध कराई जाएगी।


फाउंडेशन द्वारा आगामी 1 जुलाई 2026 से देशव्यापी सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान भी शुरू किया जाएगा। ट्रस्टी सीए प्रवीण अग्रवाल ने बताया कि इस अभियान के तहत देशभर में 5 लाख बच्चियों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को गंभीर बीमारी से बचाने के साथ स्वास्थ्य जागरूकता को भी बढ़ावा दिया जा सके।
अभियान के सफल संचालन के लिए आयोजित ट्रस्ट बैठक में सामाजिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियों श्रीमती राजश्री गांधी एवं डॉ. सुप्रिया माहेश्वरी को अभियान का समन्वयक नियुक्त किया गया है। इनके नेतृत्व में देशभर में सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों और कार्यकर्ताओं को जोड़कर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
ट्रस्टी विष्णु तोषनीवाल ने बताया कि फाउंडेशन का उद्देश्य केवल शिक्षा देना या स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज के वंचित वर्ग को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना है। संस्था आने वाले समय में देशभर में सामाजिक सहयोग से और भी बड़े स्तर पर कार्य करेगी।
उल्लेखनीय है कि रेखा सोमानी फाउंडेशन स्वर्गीय सीए रेखा सोमानी की स्मृति में संचालित एक पंजीकृत सामाजिक संस्था है, जो मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को निःशुल्क सीए शिक्षा, प्रशिक्षण, भोजन और आवास उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!