प्रतापगढ़, 25 मई। जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन प्रतापगढ़ द्वारा “वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान 2026” का शुभारंभ 25 मई से किया जाएगा। अभियान का आयोजन 25 मई से 5 जून 2026 तक किया जाएगा, जिसके अंतर्गत विभिन्न जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित होंगे।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर सोमवार, 25 मई 2026 को प्रातः 9:30 बजे दिपेश्वर महादेव तालाब, प्रतापगढ़ में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रभात फेरी, कलश यात्रा, पौधारोपण एवं श्रमदान जैसे आयोजन किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने आमजन से अभियान में अधिकाधिक भागीदारी निभाने की अपील की है। कार्यक्रम का उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देना है।
जिला प्रशासन प्रतापगढ़ द्वारा आयोजित इस अभियान के माध्यम से जल बचाने एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का संदेश दिया जाएगा। अभियान का मुख्य संदेश जल है तो कल है, यही मेरा संकल्प है रखा गया है।
