उदयपुर 20 मई । विज्ञान समिति वरिष्ठ महिला प्रकोष्ठ की मासिक बैठक दिनांक 20 मई को समिति प्रांगण में आयोजित की गई। इस कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. पुष्पा कोठारी तथा अध्यक्ष कंचन सोनी के सानिध्य में लगभग 90 महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
मीडिया प्रभारी प्रोफेसर विमल शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम शुरुआत उषा गुप्ता और चंद्रकांता मेहता द्वारा प्रस्तुत मनोरंजन “हाउजी” से हुई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कंचन सोनी द्वारा आयोजित “कौन बनेगा करोड़पति” थीम पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में नौ टीमें शामिल थीं, प्रत्येक टीम में पांच- पांच सदस्य थे। प्रत्येक टीम से बहुत रोचक एवं ज्ञानवर्धक 12 प्रश्न पूछे गए तथा तीन लाइफलाइन भी प्रदान की गईं। जज के रूप में जैन जागृति संस्था की संस्थापिका श्रीमती पिंकी माडावत उपस्थित रहीं।
प्रतियोगिता का प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम में उषा दक, मंजू सरूपरिया, मंजू भाणावत, अंजू भंडारी शामिल थीं। विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस प्रतियोगिता की प्रायोजक श्रीमती कांता जैन थीं, जिनका संस्था द्वारा सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान दो बहनों — श्रीमती मनोहर देवी सरूपरिया और श्रीमती स्नेहलता माडावत का जन्मदिन भी था। उन्हें उपरणा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा सभी सदस्यों ने उनकी दीर्घायु की कामना की।
अंत में डॉ. पुष्पा कोठारी ने अतिथियों तथा सभी सदस्यों का धन्यवाद अर्पित किया। राष्ट्रगान के पश्चात जन्मदिनवाली बहनों की ओर से शानदार और स्वादिष्ट भोज का आयोजन किया गया, जिसका सभी सदस्यों ने आनंद लिया।
