जयपुर। नाथद्वारा विधायक श्री विश्वराज सिंह मेवाड़ ने स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर में आयोजित प्राक्कलन समिति “क” की बैठक में भाग लेते हुए नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक के दौरान विधायक श्री मेवाड़ ने नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र में भूमि रूपांतरण (लैंड कन्वर्जन) से संबंधित प्रक्रियाओं में आ रही समस्याओं पर चर्चा करते हुए आमजन को राहत प्रदान करने के लिए प्रक्रियाओं को सरल एवं पारदर्शी बनाने की आवश्यकता बताई। इसके साथ ही शहरों में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, नगर निकायों द्वारा बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों के साथ निगम अधिकारियों द्वारा जवाबदेह व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने बैठक में अवैध निर्माणों की रोकथाम को लेकर भी गंभीरता से चर्चा करते हुए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही, ताकि शहरी विकास सुव्यवस्थित रूप से आगे बढ़ सके।
विधायक श्री विश्वराज सिंह मेवाड़ ने जयपुर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि जयपुर का पुराना शहर यूनेस्को की हेरिटेज सूची में अपनी पहचान बनाए रखे, इसके लिए विरासत संरक्षण, सौंदर्यीकरण और आवश्यक मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान और बेहतर शहरी व्यवस्थाओं के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे, ताकि आमजन को सुगम, स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।
