दयपुर। भारत के लोक सेवा प्रसारक आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को आकाशवाणी उदयपुर द्वारा वाकाथॉन का आयोजन किया गया। यह वाकाथॉन फतेहसागर ओवरफ्लो पॉइंट से प्रारंभ होकर यूआईटी सर्किल, उपकार स्टोर मार्ग, पंचवटी सर्किल, लोक कला मंडल होते हुए मोहता पार्क स्थित आकाशवाणी कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
उप महानिदेशक (आकाशवाणी एवं दूरदर्शन) राजेंद्र नाहर ने बताया कि आकाशवाणी ने अपने 90 वर्षों के सफर में स्वतंत्रता आंदोलन, औद्योगिक क्रांति, हरित क्रांति, श्वेत क्रांति, 1971 के युद्ध सहित आधुनिक भारत के निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा का साक्षी बनने का गौरव प्राप्त किया है। इसी समृद्ध विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वर्षभर विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इसी क्रम में 15 मई को संगीत संध्या का आयोजन किया गया था तथा वाकाथॉन भी उसी श्रृंखला की एक कड़ी रही। वाकाथॉन में आकाशवाणी उदयपुर के सभी कार्यालय कर्मियों एवं समनुदेशितियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागी ढोल-नगाड़ों के साथ विशेष टी-शर्ट एवं टोपी पहनकर पूरे मार्ग में आकाशवाणी के ध्येय वाक्य “बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय” का संदेश देते हुए आगे बढ़े।
वाकाथॉन को राजेंद्र नाहर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सहायक निदेशक निर्मल पुरोहित एवं कार्यक्रम प्रमुख विनोद शर्मा ने वाकाथॉन का नेतृत्व किया।
