बड़गांव, उदयपुर | 14 मई 2026
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ABRSM (विद्यालय शिक्षा) राजस्थान की उपशाखा बड़गांव अ एवं ब के संयुक्त तत्वावधान में आज कार्यालय उपखंड बड़गांव परिसर में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे तथा सरकार के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया।
धरना-प्रदर्शन के पश्चात मुख्यमंत्री एवं शिक्षामंत्री के नाम उपखंड अधिकारी सुश्री लतिका पालीवाल को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों एवं समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में शिक्षकों के ग्रीष्मावकाश सहित सभी अवकाश यथावत रखने तथा शिविरा पंचांग में तत्काल संशोधन करने की मांग की गई। साथ ही तृतीय श्रेणी सहित सभी संवर्गों के स्थानांतरण शीघ्र करने एवं विगत वर्षों से लंबित पदोन्नतियां अतिशीघ्र करने की मांग भी उठाई गई।
महासंघ ने क्रमोन्नत विद्यालयों में पदों की वित्तीय स्वीकृति जारी करने, स्टाफिंग पैटर्न के अनुसार नए पद सृजित कर पदस्थापन करने तथा शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने की मांग भी प्रमुखता से रखी। इसके अतिरिक्त आरजीएचएस व्यवस्था को सुचारू रूप से जारी रखने, प्रबोधक एवं तृतीय वेतन श्रृंखला शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने तथा संविदा शिक्षकों को नियमित करने की मांग की गई।
ज्ञापन में टीएसपी से नॉन टीएसपी में समायोजित शिक्षकों को उनके गृह जिलों में समायोजन देने, वंचित शिक्षकों को समायोजित करने एवं कंप्यूटर अनुदेशक कैडर का पुनः निर्धारण करने की मांग भी शामिल रही। संगठन ने मांग पत्र में उल्लेखित समस्त समस्याओं के समाधान हेतु सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार के साथ लगातार संवाद के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने से शिक्षकों में भारी रोष व्याप्त है। यदि समय रहते मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर उपशाखा बड़गांव अ के अध्यक्ष सतीश जी मिश्रा, उपशाखा बड़गांव ब के अध्यक्ष विजयराम जी औदिच्य, मंत्री भूपेन्द्र पालीवाल सहित वरिष्ठ एवं सम्माननीय शिक्षाविद् शिव लाल जी शर्मा, श्याम लाल जी व्यास, पुष्पकांत जी व्यास, राकेश जी पालीवाल, अशोक कुमार जी, राजेन्द्र जी शर्मा, देवीलाल जी डांगी तथा महिला कार्यकर्ता अनुरागा गुप्ता, लीला जाट, जमना खारोल, प्यारी गमेती, अल्का कुशवाह, कुसुम राव एवं करिश्मा मीणा सहित संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
