रूपसागर तालाब पेटे में 7 बाउंड्रीवॉल, 1 प्लींथ लेवल व 3 मकान ध्वस्त

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

-यूडीए ने की तालाब का स्वरुप बिगाड़ने के खिलाफ कार्रवाई

उदयपुर, 24 जून। शहर के राजस्व गांव आयड़ में रूपसागर तालाब के पेटे में बिना अनुमति किए जा रहे अवैध पक्के निर्माण करने के खिलाफ उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने मंगलवार को भारी लवाजमे के साथ पहुंचकर कार्रवाई की। मौके पर करीब एक दर्जन अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए।

यूडीए आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि राजस्व ग्राम आयड़ स्थित रूपसागर तालाब पेटा की भूमि पर किसी भी प्रकार के पक्के निर्माण की अनुमति नहीं है। उक्त भूमि पर लोगों द्वारा पक्की चार दीवारी एवं पक्के निर्माण किए जा रहे थे। इनके विरुद्ध उदयपुर विकास प्राधिकरण अधिनियम-2023 की धारा 32 के तहत प्रकरण दर्ज कर आदेश पारित किए गए एवं संबंधितों को निर्माण नहीं करने के लिए पाबंद किया गया। इसके बावजूद लोगों द्वारा पक्के निर्माण कर रूपसागर तालाब के स्वरुप को नष्ट किया जा रहा था। इस पर मंगलवार को तहसीलदार डॉ अभिनव शर्मा के नेतृत्व में भू-अभिलेख  निरीक्षक राजेश मेहता, प्रतापसिंह राणावत, बाबूलाल तावड़, ललित पटेल, दूलीचंद शर्मा एवं होमगार्ड जाब्ता करीब आधा दर्जन जेसीबी व मजदूर लेकर मौके पर पहुंचा और तालाब पेटे में बनाइ गई सात बाउंड्रीवाल, एक प्लींथ लेवल और तीन मकान करीब 50 हजार वर्ग फीट ध्वस्त किया। आयुक्त जैन ने बताया कि मौके पर रह रहे लोगों को भी इस क्षेत्र में किसी प्रकार का निर्माण नहीं करने के लिए पाबंद करते हुए हिदायत दी गई है कि उक्त क्षेत्र रूपसागर तालाब पेटा क्षेत्र है जिस पर उच्चतम न्यायालय एवं उच्च न्यायालय के आदेशों की पालना में किसी भी प्रकार के निर्माण की अनुमति नहीं है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!