उदयपुर, 15 जून, 2026। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी), उदयपुर की 69वीं अकादमिक परिषद की बैठक सोमवार को कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विश्वविद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया तथा कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में सर्वप्रथम अशोक कुमार, कुलसचिव ने 68वीं अकादमिक परिषद की बैठक के कार्यवृत्त एवं अनुपालना प्रतिवेदन को अनुमोदन हेतु प्रस्तुत किया। परिषद ने निर्णय लिया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों की फीस में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं की जाएगी। साथ ही राजस्थान कृषि महाविद्यालय (आरसीए) परिसर स्थित नूतन सभागार का नाम परिवर्तित कर “महाराणा प्रताप सभागार” रखने की स्वीकृति प्रदान की गई।
परिषद ने उन विद्यार्थियों के लिए विशेष परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया जो राष्ट्रीय स्तर की एनसीसी परेड, खेलकूद प्रतियोगिताओं अथवा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता के कारण नियमित परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो सके थे। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय में शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक कर्मचारियों के प्रशिक्षण हेतु “निदेशक, मानव संसाधन एवं विकास” के संचालन पर चर्चा की गई।
परिषद ने बी.टेक. कार्यक्रम में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) की छठी डीन समिति की अनुशंसाओं को लागू करने का निर्णय लिया। शिक्षकों की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए कुछ विभागों में स्नातकोत्तर एवं पीएच.डी. कार्यक्रमों की प्रवेश क्षमता में आवश्यक संशोधन किए जाने पर भी सहमति व्यक्त की गई। साथ ही बी.टेक. के स्नातक पाठ्यक्रम में आवश्यक शैक्षणिक परिवर्तन किए जाने का अनुमोदन किया गया। बैठक में विश्वविद्यालय के अन्य शैक्षणिक विषयों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में परिषद के सदस्यों डॉ. आर.एल. सोनी, डॉ. मनोज कुमार महला, डॉ. आर.पी. मीणा, डॉ. रामहरि मीणा, डॉ. लोकेश गुप्ता, सुश्री दर्शना गुप्ता, डॉ. एन.एल. पंवार सहित विभिन्न महाविद्यालयों के अधिष्ठाता एवं प्राचार्य उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त मनोनीत सदस्य डॉ. चंदेश्वर तिवारी (प्रोफेसर एवं पूर्व निदेशक, शिक्षा विस्तार) तथा उत्तराखंड स्थित वीसीएसजी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार के प्रख्यात कृषि शिक्षाविद् एवं डॉ. ओ.पी. शर्मा, आचार्य, राजस्थान कृषि अनुसंधान संस्थान, दुर्गापुरा, जयपुर भी बैठक में उपस्थित रहे।
