नगरीय विकास कर 254 प्रकरण निस्तारित, लाखों का राजस्व अर्जित

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं नागरिक सुविधा के लिए प्रशासन की भावना के अनुरूप नगर निगम उदयपुर द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत नगर निगम उदयपुर के दीनदयाल उपाध्याय सभागार में त्वरित एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविरों के माध्यम से नागरिक सुविधाओं, जनहितकारी योजनाओं से संबंधित कार्यों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा रहा हैं। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि शिविर अवधि में निगम द्वारा 69-ए के अंतर्गत 23 पट्टे जारी किए गए तथा 37 नामांतरण पत्रों का निर्गमन किया गया, जिससे नागरिकों को संपत्ति संबंधी अधिकारों एवं दस्तावेजों की सुविधा प्राप्त हुई। भवन निर्माण से संबंधित मामलों में 9 भवन निर्माण स्वीकृतियां जारी की गईं, जिससे निगम को 21 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। अग्नि सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करते हुए 10 फायर एनओसी जारी की गईं। राजस्व वृद्धि एवं लंबित मामलों के निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त करते हुए नगरीय विकास कर के 254 प्रकरणों का निस्तारण किया गया, जिससे निगम को 34.79 लाख रुपये का राजस्व अर्जित हुआ।  शहर के नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने हेतु 477 जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र जारी किए गए। स्वरोजगार को बढ़ावा देने एवं ट्रेड वेंडरों को वैधानिक पहचान प्रदान करने के उद्देश्य से 25 ट्रेड लाइसेंस जारी किए गए। खन्ना ने बताया कि शहर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था एवं जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 557 स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तथा 39 नई स्ट्रीट लाइटों की सुविधा उपलब्ध की गई। स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान करते हुए 175 सफाई संबंधी शिकायतों का निस्तारण किया गया तथा 7 आवारा पशु संबंधी प्रकरणों का समाधान किया गया। इससे शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिकसुदृढ़ बनाया गया। आधारभूत सुविधाओं के विकास के अंतर्गत 662 मीटर सड़क मरम्मत कार्य संपादित किए गए तथा 47 सीवर मरम्मत प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त 2400 मीटर ग्रेवल सड़क संबंधी कार्यों का निष्पादन कर नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराई गई। शहर के सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छ छवि को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रमुख चैराहों, डिवाइडरों, पार्कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर 4040 वर्गमीटर क्षेत्र में पेंटिंग एवं सुधार कार्य करवाए गए, जिससे शहर की सुंदरता एवं आकर्षण में वृद्धि हुई। आयुक्त ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा आमजन की सुविधा एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए आयोजित किए जा रहे शहरी सेवा शिविरों में नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध हो रही है, राज्य सरकार की मंशा अनुरूप सुशासन की अवधारणा को धरातल पर सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया जा रहा है। शिविरों के माध्यम से जनसमस्याओं का समाधान, राजस्व वृद्धि, आधारभूत सुविधाओं का विकास तथा नागरिक संतुष्टि में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!